बीआरए बिहार विवि में 28 दिसंबर को दीक्षांत समारोह, मेधावी छात्रों को मिलेगा गोल्ड मेडल
BRABU Convocation Ceremony 2026: बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय में लगातार दूसरे वर्ष 28 दिसंबर को दीक्षांत समारोह आयोजित होगा। ...और पढ़ें

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस प्रतिष्ठित आयोजन को लेकर प्रशासनिक और अकादमिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।
HighLights
BRABU में 28 दिसंबर को दीक्षांत समारोह का आयोजन।
पीजी टॉपरों और शोधार्थियों को मिलेंगे गोल्ड मेडल, पीएचडी उपाधि।
राज्यपाल और राज्यसभा उपसभापति होंगे मुख्य अतिथि।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। BRA Bihar University Gold Medal: बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) में लगातार दूसरे वर्ष दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन होने जा रहा है।
लोकभवन की ओर से विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद आगामी 28 दिसंबर की तिथि संभावित तय की गई है।
इस समारोह में पोस्ट ग्रेजुएट (PG) सत्र 2023-25 के टॉपरों समेत एमबीए, एमएड, होम्योपैथी, एमएससी फिश एंड फिशरीज और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के मेधावियों को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही सफल शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि भी प्रदान की जाएगी।
राज्यपाल और राज्यसभा के उप सभापति मुख्य अतिथि
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डीसी राय ने बताया कि लोकभवन से कार्यक्रम को हरी झंडी मिल चुकी है। समारोह में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) और राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश नारायण सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस प्रतिष्ठित आयोजन को लेकर प्रशासनिक और अकादमिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।
विशेष मेमोरियल गोल्ड मेडल भी
दशहरा की छुट्टियों के तुरंत बाद परीक्षा विभाग द्वारा पीजी और अन्य पाठ्यक्रमों के टॉपरों की अंतिम सूची तैयार करने का काम शुरू हो जाएगा।
इस बार राजनीति विज्ञान के पीजी टॉपर को गोल्ड मेडल के साथ-साथ 'प्रो. नवल किशोर प्रसाद सिन्हा मेमोरियल गोल्ड मेडल' और अर्थशास्त्र के टॉपर को 'डॉ. राम बिहारी सिंह मेमोरियल गोल्ड मेडल' विशेष रूप से प्रदान किया जाएगा।
यदि सत्र 2024-26 का परिणाम समय पर जारी हो जाता है, तो इसके मेधावियों को भी शामिल किया जा सकता है।
नवंबर में होगी सीनेट की अहम बैठक
दीक्षांत समारोह से पहले नवंबर के आखिरी सप्ताह में विश्वविद्यालय में सीनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव भेजा गया है।
इस बैठक में विश्वविद्यालय के वार्षिक बजट को औपचारिक मंजूरी दिलाई जाएगी, जिसे पहले ही सिंडिकेट से पारित किया जा चुका है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष 25 अगस्त को आयोजित दीक्षांत समारोह में 53 मेधावियों को गोल्ड मेडल और 96 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई थी।
यह भी पढ़ें- बीआरएबीयू के विद्यार्थी इनोवेट फॉर भारत 2047 में दिखाएंगे हुनर, नई दिल्ली में होगा आयोजन
