बीआरए बिहार विश्वविद्यालय स्नातक फोर्थ सेमेस्टर परीक्षा, एडमिट कार्ड को लेकर छात्रों की परेशानी
मुजफ्फरपुर में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की स्नातक फोर्थ सेमेस्टर परीक्षा से ठीक पहले एडमिट कार्ड को लेकर छात्रों में अफरातफरी ...और पढ़ें

रविवार को छुट्टी के बावजूद छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्र के लिए कालेज आना पड़ा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। BRABU Admit Card: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय की स्नातक फोर्थ सेमेस्टर परीक्षा से ठीक एक दिन पहले एडमिट कार्ड के लिए कालेजों में अफरातफरी का माहौल रहा।
रविवार को छुट्टी के बावजूद छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्र के लिए कालेजों के चक्कर लगाने पड़े। एमडीडीएम कालेज में शनिवार को हुए हंगामे के बाद रविवार को एडमिट कार्ड बांटे गए।
आज से शुरू होगी परीक्षा
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पांच जिलों में बनाए गए 56 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार से स्नातक फोर्थ सेमेस्टर की परीक्षा शुरू हो रही है। दो पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में 1.21 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि परीक्षा की तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एडमिट कार्ड में मिलीं गड़बड़ियां
कई कालेजों में परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान ही शुल्क जमा कराने के बाद भी समय पर एडमिट कार्ड नहीं दिया गया। दूर-दराज के इलाकों से पहुंची छात्राओं ने कालेज प्रबंधन की इस कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।
इसके अलावा कई विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र में नाम की स्पेलिंग और विषय में गड़बड़ी की शिकायतें भी सामने आई हैं।
सोमवार को भी मिलेगा मौका
कालेज प्रशासन का दावा है कि अधिकांश विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड उपलब्ध करा दिए गए हैं। जिन परीक्षार्थियों की परीक्षा मंगलवार से तय है, वे सोमवार को कालेज पहुंचकर अपना प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
रविवार को यूनिवर्सिटी बंद रहने के कारण जिन छात्रों के एडमिट कार्ड में गलतियां थीं, उनका सुधार नहीं हो सका।
यह भी पढ़ें- बीआरएबीयू में स्नातक नामांकन की चौथी मेरिट लिस्ट मंगलवार को, 20 हजार से अधिक को मिल सकता मौका
