विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bochahan Vidhansabha Upchunav Result: बोचहां उपचुनाव में राजद की बड़ी जीत, एनडीए को झटका

By Ajit KumarEdited By:
Published: Sat, 16 Apr 2022 03:59 PM (IST)Updated: Sun, 17 Apr 2022 07:38 AM (IST)

Bochahan Assembly By- Election 2022 Result राजद के अमर कुमार पासवान 36 हजार 653 वोटों से विजयी भाजपा की बेबी ...और पढ़ें

विधायक मुसाफिर पासवान के निधन की वजह से यह सीट खाली हुई थी। फोटो: जागरण
विधायक मुसाफिर पासवान के निधन की वजह से यह सीट खाली हुई थी। फोटो: जागरण

मुजफ्फरपुर। बोचहां उपचुनाव में राजद ने बड़ी जीत दर्ज की है। शनिवार को हुई वोटों की गिनती में राजद उम्मीदवार अमर कुमार पासवान ने भाजपा प्रत्याशी बेबी कुमारी को 36653 मतों के बड़े अंतर से हराया। 13 उम्मीदवारों में 10 की जमानत जब्त हो गई। इस जीत के साथ विधानसभा में राजद विधायकों की संख्या 75 से बढ़कर 76 हो गई है। मालूम हो कि वीअाइपी विधायक मुसाफिर पासवान के निधन के बाद इस सीट पर 12 अप्रैल को उपचुनाव हुआ था। उनके पुत्र अमर कुमार पासवान वीआइपी को छोड़कर राजद से उम्मीदवार बने। वीआइपी ने रमई राम की पुत्री डा. गीता कुमारी को मैदान में उतारा। भाजपा से वर्ष 2015 के चुनाव में निर्दलीय विधायक बनीं बेबी कुमारी मैदान में थीं। आडीएस कालेज स्थित मतगणना केंद्र में पहले राउंड की गिनती में भाजपा उम्मीदवार करीब पांच सौ वोटों से आगे थीं, मगर अगले राउंड के बाद राजद ने बढ़त बना ली। यह अंत तक कायम रही। 25 राउंड की गिनती के बाद राजद उम्मीदवार को कुल 82562 वोट मिले। वहीं भाजपा प्रत्याशी बेबी कुमारी को 45909 मत मिले। वीआइपी की डा. गीता को 29279 वोट प्राप्त हुए। नोटा को 2967 वोट मिले। ये वोट कांग्रेस उम्मीदवार तरुण चौधरी से अधिक है। तरुण को 1336 वोट मिले।

भाजपा के वोट बैंक में सेंधमारी

विधानसभा आमचुनाव में इस सीट पर एनडीए को करीब 77 हजार वोट मिले थे। एनडीए से वीआइपी के अलग होने से उपचुनाव में भाजपा को सहनी वोट के नुकसान की आशंका जरूर थी, मगर पार्टी के आधार वोट में भी सेंधमारी हुई। नाराज भूमिहार समाज का वोट राजद के खेमे में चला गया। इससे यहां राजद का माय समीकरण भू-माय के साथ और मजबूत हो गया। इसके अलावा चिराग के उम्मीदवार नहीं देने से पासवान के अधिकतर वोट भी राजद को गए। केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने अंतिम समय में चुनाव प्रचार किया, मगर इसका अधिक प्रभाव नहीं पड़ा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभा की, मगर एनडीए पूरी तरह एकजुट नहीं हो सका। यही कारण रहा कि राजद को बड़ी जीत मिली। वहीं वीआइपी उम्मीदवार ने भी 29 हजार से अधिक वोट लाकर भाजपा को कमजोर कर दिया।

राजद को आम चुनाव से 16 हजार अधिक वोट

बोचहां विधानसभा आम चुनाव में यहां राजद उम्मीदवार रमई राम को करीब 66 हजार वोट मिले थे। उपचुनाव में राजद को उससे छह हजार अधिक वोट मिले। वहीं पिता मुसाफिर पासवान से अमर कुमार पासवान को पांच हजार अधिक वोट मिले। वीआइपी उम्मीदवार के रूप में मुसाफिर को आम चुनाव में 77 हजार से अधिक वोट मिले थे। उप चुनाव में अमर को 82 हजार से अधिक वोट मिले। इस सीट पर यह सबसे अधिक मत है। साथ ही सबसे बड़े अंतर से जीत भी।