दरभंगा में प्रॉपर्टी डीलर को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, स्थिति नाजुक
गोली का भय दिखा पब्लिक के कब्जे से एक साथी को छुड़ा ले गए बदमाश, घायल पीएमसीएच के लिए रेफर
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। दरभंगा स्थित बेंता ओपी क्षेत्र के अल्लपट्टी मोहल्ला में गुरुवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी। गंभीर स्थिति में उसे डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, लेकिन स्थिति नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया। घायल प्रॉपर्टी डीलर रोहित कुमार झा शाहगंज स्थित 22 नंबर गुमटी निवासी स्व. राजेंद्र झा का पुत्र है। उसे मात्र डेढ़ वर्ष का एक पुत्र है। पत्नी की मौत पहले ही हो चुकी है।
उसको पेट के दाएं और बाएं साइड में एक-एक गोली लगी है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि रोहित अपने दोस्त संतोष पाठक के साथ अल्लपट्टी मंदिर के सामने एक दुकान पर बैठ कर चाय पी रहा था। इस बीच तीन बाइक से छह बदमाश पहुंचे और रोहित को गोली मार दी। एक तरफ से राघव राय ने तो दूसरी ओर से विकास झा ने गोली चलाई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने खदेड़ कर राघव को पकड़ लिया, लेकिन विकास ने गोली चलाकर भीड़ को पीछे कर दिया और राघव को छुड़ा ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी अनोज कुमार सहित कई थाने की पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और घायल रोहित के दोस्त संतोष से पूछताछ की। इसमें बताया कि सबसे पहले सफेद अपाची से गोलू, रोशन झा के अलावा एक और शख्स पहुंचा। इसके बाद दूसरी बाइक से राघव राय अपने तीन साथियों के साथ पहुंचा। इस बीच विकास झा तीसरी बाइक से पहुंचा। विकास और राघव ने टेबल उठाकर रोहित को मारा। फिर दोनों तरफ से रोहित को गोली मार दी।
घटना के संबंध में बताया कि रोहित के घर के पास ये लोग रोजाना नशापान करते थे। विरोध करने पर घटना को अंजाम दिया है। इसकी पुष्टि जख्मी रोहित की मां दाई सुंदरी देवी ने भी की है। बताया कि बलभद्रपुर निवासी विष्णु झा उर्फ सिटी बॉस का पुत्र विकास झा और उसका चचेरा भाई रौशन झा तथा बिरौल के पिड़री गांव निवासी शिवनारायण राय का पुत्र राघव राय आदि उनके घर के पास नशापान कर रहा था। राघव फिलहाल सैदनगर अभंडा पर रहता है। विरोध करने पर सभी ने भद्दी-भद्दी गालियां दी। इसकी सूचना अपने पुत्र को दी। इसके कुछ देर के बाद जानकारी मिली कि इन लोगों ने हमारे पुत्र को गोली मार दी है। बहरहाल, पुलिस घटना को कुछ और मान रही है। उस दिशा में अनुसंधान तेज कर दी गई है। सभी आरोपित पेशेवर अपराधी हैं। हत्या सहित कई संगीन आरोप में सभी जेल जा चुके हैं। घायल रोहित पर कई मामले दर्ज हैं।
इस बारे में डीएसपी सदर, दरभंगा अनोज कुमार ने कहा कि जख्मी ने अपने बयान में हमलावर का नाम बताया है। उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। बहुत जल्द सभी आरोपित पुलिस गिरफ्त में होंगे।