मुजफ्फरपुर के किसानों की बल्ले-बल्ले, अब किराये पर मिलेंगे ट्रैक्टर से लेकर हार्वेस्टर तक
मुजफ्फरपुर के छोटे और सीमांत किसानों को अब महंगे कृषि यंत्र खरीदने की मजबूरी नहीं होगी। जिले में कृषि यंत्र ...और पढ़ें

कृषि यांत्रिक बैंक का परमिट देते उपनिदेशक कृषि यंत्रीकरण। जागरण
HighLights
औराई में खुलेगा कृषि यंत्र बैंक, रियायती दर पर उपकरण।
आठ कस्टम हायरिंग सेंटर और तीन विशेष केंद्र स्वीकृत।
1461 किसानों को कृषि यंत्र खरीद पर मिलेगा अनुदान।
अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। खेती के लिए महंगे कृषि यंत्र खरीदना अब छोटे और सीमांत किसानों की मजबूरी नहीं होगी। जरूरत पड़ने पर वे ट्रैक्टर, रोटावेटर, कंबाइंड हार्वेस्टर और सीड ड्रिल जैसे आधुनिक उपकरण किराये पर लेकर खेती कर सकेंगे। इसके लिए जिले के औराई में कृषि यंत्र बैंक खोला जाएगा।
यहां किसानों को रियायती दर पर खेती के आधुनिक उपकरण उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही जिले में आठ कस्टम हायरिंग सेंटर और तीन विशेष कस्टम हायरिंग सेंटर खोलने की भी स्वीकृति मिली है। वहीं, कृषि यांत्रिकरण योजना के तहत जिले के 1461 किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र खरीदने के लिए परमिट जारी किया गया है।
औराई में खुलेगा कृषि यंत्र बैंक
खेती में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए औराई में कृषि यंत्र बैंक की स्थापना की जाएगी। इसके लिए बागमती किसान उत्पादक संगठन को परमिट जारी किया गया है। इस बैंक के माध्यम से किसानों को खेती के जरूरी उपकरण निर्धारित रियायती किराये पर मिलेंगे। इससे छोटे और सीमांत किसानों को महंगे कृषि यंत्र खरीदने के लिए बड़ी रकम खर्च नहीं करनी पड़ेगी।
आठ कस्टम हायरिंग सेंटर को मंजूरी
जिले में कृषि यंत्रों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए आठ कस्टम हायरिंग सेंटर और तीन विशेष कस्टम हायरिंग सेंटर खोलने की स्वीकृति दी गई है। इन केंद्रों से किसान अपनी जरूरत के अनुसार कृषि उपकरण किराये पर ले सकेंगे। कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से निर्धारित दर के आधार पर किसानों से किराया लिया जाएगा।
1461 किसानों को मिला परमिट
जिला कृषि पदाधिकारी भारत भूषण ने बताया कि कृषि यांत्रिकरण योजना के तहत किसान और किसान समूहों का चयन राज्य स्तर पर लाटरी के माध्यम से किया गया है। मुजफ्फरपुर जिले में चयनित 1461 किसानों को कृषि यंत्र खरीदने के लिए परमिट जारी किया गया है। अब ये किसान निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर अनुदान पर कृषि उपकरण खरीद सकेंगे।
40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान
कृषि यांत्रिकरण योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 40 से 80 प्रतिशत तक अनुदान देने का प्रविधान है। इससे किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने में आर्थिक मदद मिलेगी। उप निदेशक कृषि यांत्रिकरण अजीत कुमार ने बताया कि कृषि यंत्र बैंक और कस्टम हायरिंग सेंटर के माध्यम से किसानों को खेती के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
इन उपकरणों का उठा सकेंगे लाभ
कस्टम हायरिंग सेंटर ऐसी व्यवस्था है, जहां किसान महंगे कृषि उपकरण कम और निर्धारित किराये पर प्राप्त कर सकते हैं। इनमें ट्रैक्टर, रोटावेटर, कंबाइंड हार्वेस्टर, सीड ड्रिल और बेलर जैसे उपकरण शामिल हैं। किसान अपनी खेती और जरूरत के हिसाब से इनका इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे खेती की लागत कम करने और समय पर कृषि कार्य पूरा करने में मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।