मुजफ्फरपुर के एमआईटी में दो छात्रों से रैगिंग, धमकाकर पूछा- ड्रेस क्यो नहीं पहनते
मुजफ्फरपुर के एमआईटी में 2026 बैच के दो बीएमआर छात्रों के साथ सीनियरों ने रैगिंग की, जिसमें उन्हें ड्रेस कोड और लंबे बालों को लेकर धमकाया गया।

एमआईटी की यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
HighLights
एमआईटी मुजफ्फरपुर में दो छात्रों से रैगिंग हुई।
सीनियरों ने ड्रेस कोड, लंबे बालों पर धमकाया।
कॉलेज प्रशासन ने मामले को अनुशासन समिति भेजा।
जागरण संवाददााता, मुजफ्फरपुर। एमआईटी (मुजफ्फरपुर इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी) में एक बार फिर छात्र से रैगिंग हुई। 2026 बैच में नामांकित बीएमआर के दो छात्रों की सीनियर ने रैगिंग की। आइटी बिल्डिंग के पास उसे सीनियर ने रोका।
धमकाते हुए पूछा कि ड्रेस क्यों नहीं पहनते हो। फ्रेशर्स को अंडरशर्टिंग कर नहीं घूमना है, तुमलोग बात से नहीं मानने वाले हो।
वहीं जूनियर छात्र के बड़े बाल रखने पर भी उसे धमकाया। मामले को लेकर बीएमआर ब्रांच के दो छात्रों ने कालेज प्रशासन से लिखित शिकायत की है। एंटी रैगिंग कमेटी ने छात्र को बुलाकर घटना की जानकारी ली।
पीड़ित छात्र ने बताया कि जब वह क्लास में जा रहा था तो सीनियरों ने उसका रास्ता रोका। भला-बुरा कहते हुए पहले धमकाकर नाम पूछा फिर ड्रेस और अन्य तरीकों के पालन करने का दबाव बनाया। छात्र से जब सीनियर की जानकारी मांगी गई तो उसने कहा कि वह उन्हें नहीं जानता है।
कालेज की ओर से सभी जूनियर को यह निर्देश है कि अगर उनके साथ कोई रैगिंग या धमकी देता है तो इसकी जानकारी कालेज प्रशासन को देनी है। इसको देखते हुए उन्होंने लिखित शिकायत की है।
कई जूनियर के साथ भी लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन वे कुछ नहीं कर रहे हैं। छात्रों ने ऐसी घटनाओं को रोकने व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
छात्रों ने कहा दोपहर 12:15 बजे से करीब आधा घंटे तक सीनियर ने उन्हें रोके रखा। घटना आइटी बिल्डिंग के पास की है जहां फर्स्ट ईयर की कक्षाएं चलती हैं। कालेज प्रशासन की ओर से बताया गया है कि मामले को अनुशासन समिति में भेजा गया है। इस आधार पर समिति कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी करेगी।
मारपीट मामले में कालेज ने भेजा 14 छात्रों को नोटिस
एमआईटी के छात्रावास में पिछले सप्ताह हुए मारपीट मामले में कालेज प्रशासन ने 14 छात्रों को नोटिस भेजा है। सभी छात्रों को अनुशासन समिति के समक्ष बुधवार को प्रस्तुत होना है।
छात्रावास में रहने वाले कुल 13 छात्रों ने सिविल ब्रांच के एक छात्र पर मारपीट की शिकायत की है। वहीं बाहर रहने वाले सिविल ब्रांच के छात्र ने मारपीट को लेकर थाने में प्राथमिकी कराई है।
कालेज प्रशासन आंतरिक स्तर पर मामले की जांच कर रहा है। इसमें ईसीई के दो, आइटी के दो, सिविल के पांच व इलेक्ट्रिकल के चार छात्रों को नोटिस भेजा गया है। वहीं एक छात्र सिविल ब्रांच का है।
मेस के ठीक पीछे बहता नाला, आती दुर्गंध
एमआइटी में छात्रावास संख्या एक में संचालित होने वाले मेस के ठीक पीछे नाला बहता है। इस कारण वहां दुर्गंध आती रहती है। इससे छात्रावास में रहना काफी कठिन होता है।
लंबे समय से नाले की सफाई नहीं हुई है। कालेज प्रशासन की ओर से मंगलवार को छात्रावास व मेस का निरीक्षण कराया गया। इसमें साफ-सफाई तो पहले से ठीक मिली, लेकिन दुर्गंध आ रही थी।
यह भी पढ़ें- कमर से निकला शराब का टेट्रा पैक; थैले से नमकीन, बिहार के अस्पताल में जाम छलकाती महिलाओं का वीडियो वायरल
