प्रधानमंत्री आवास योजना से मुजफ्फरपुर में 34 हजार तो बिहार में 11.18 लाख मकान बनेंगे
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत बिहार को 11.18 लाख और मुजफ्फरपुर को 34,634 मकान बनाने का लक्ष्य मिला है। लाभार्थियों के सत्यापन, भूमि उपलब्धता और जियो टैगिंग जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कार्य 31 दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत जिलावार लक्ष्य का निर्धारण कर दिया गया। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
बिहार को 11.18 लाख ग्रामीण आवास निर्माण का लक्ष्य।
मुजफ्फरपुर में 34,634 लाभुकों के लिए मकान बनाए जाएंगे।
लाभार्थियों का सत्यापन, भूमि और जियो टैगिंग अनिवार्य।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत जिलावार लक्ष्य का निर्धारण कर दिया गया है। ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से राज्य को 11 लाख 18 हजार 937 आवास निर्माण का लक्ष्य दिया गया है। इसके तहत ग्रामीण विकास विभाग ने सभी जिलों को लक्ष्य का आवंटन कर दिया है।
मुजफ्फरपुर में 34 हजार 634 लाभुकों का मकान बनवाया जाएगा। विभाग ने आवास प्लस पोर्टल के सर्वेक्षण सूची के आधार पर निर्मित प्रतीक्षा सूची से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रखंडवार प्राप्त कोटिवार लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत योग्य लाभुकों को स्वीकृति देने के लिए 31 दिसंबर तक की तिथि निर्धािरित की है।
स्वीकृति के बाद लाभुकों को सहायता राशि का भुगतान विभागीय निर्देश के अनुसार किया जाएगा। कहा गया कि अपात्र या अयोग्य लाभुकों का प्रतीक्षा सूची से नाम नहीं हटाने तथा उन्हें आवास का लाभ दिए जाने का मामला प्रकाश में आने पर जिम्मेदारी का निर्धारण करते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने प्रतीक्षा सूची में शामिल लाभुकों का फिर से सत्यापन करने को कहा है।
भूमि अनुपलब्धता की स्थिति क्रय कर लाभुक को दिया जाएगा
स्वीकृत लक्ष्य के तहत 60 प्रतिशत एससी-एसटी कोटी के परिवारों को योजना से लाभान्वित किया जाएगा। बताया गया कि प्रतीक्षा सूची में कई ऐसे भी लाभुक हो सकते हैं जिन्हें जिन्हें वास स्थल विहीन के रूप में चिह्नित कर लिया गया हो लेकिन स्वीकृति के समय लाभुक के पास पूर्व से वास भूमि उपलब्ध होने का पता लगता है।
ऐसे मामलों में आवास साफ्ट पर स्वीकृति के पूर्व वास भूमि की उपलब्धता के संबंध में आवश्यक दस्तावेज अपलोड किए जाने का प्रविधान किया गया है।
वैसे योग्य लाभुक जिनके पास वास भूमि उपलब्ध नहीं है, उन्हें राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से वास भूमि उपलब्ध कराने के लिए अनुरोध किया जाएगा।
राजस्व विभाग से वास भूमि उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय सहायता योजना के तहत वास भूमि क्रय करने की प्रक्रिया की जाएगी।
जियो टैगिंग फिर से होगी
आवास स्वीकृति के समय कई ऐसे भी लाभुक आ सकते हैं, जिनका निर्माणाधीन स्थल का फोटो आवास साफ्ट पर अपलोड नहीं हुआ हो। ऐसे लाभुकों के मामले में निर्माणाधीन स्थल का पुनः जियो टैगिंग कराया जाएगा।
जिस भूमि पर आवास का निर्माण किया जा रहा है, उसका नजरी नक्शा एवं खाता खेसरा सहित स्पष्ट चौहद्दी अंकित करते हुए प्रखंड कार्यालय में अभिलेख अपडेट किया जाएगा।
इसके अलावा प्रतीक्षा सूची में उपलब्ध लाभुकों का जाब कार्ड वीबी जीरामजी पोर्टल पर सत्यापन का प्रविधान किया गया है, ताकि लाभुकों को आवास स्वीकृति के बाद ईएमआर जेनरेट कर मजदूरी का भुगतान किया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।