विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में एसएच और पुलों पर टोल दर तय करने के लिए खर्च होंगे 2.31 करोड़, शुरू होगा ट्रैफिक सर्वे

Published: Tue, 08 Sep 2026 04:44 AM (IST)

State Highway Toll Rate: बिहार में सड़कों और पुलों पर टोल दरें निर्धारित करने और संग्रहण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने ...और पढ़ें

सर्वे के दौरान हाईटेक कैमरों और वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए वाहनों की श्रेणी, संख्या और आवागमन के दबाव का आकलन किया जाएगा।

सर्वे के दौरान हाईटेक कैमरों और वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए वाहनों की श्रेणी, संख्या और आवागमन के दबाव का आकलन किया जाएगा।


HighLights

  1. बिहार में टोल दरें तय करने को 2.31 करोड़ का सर्वे।

  2. हाईटेक कैमरे, वीडियो रिकॉर्डिंग से वाहनों का गहन आकलन होगा।

  3. मुजफ्फरपुर के अरेराज-साहेबगंज एसएच-74 सहित कई मार्ग शामिल।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bihar Toll Tax Survey: बिहार में सड़कों और पुलों पर पथ उपयोगकर्ता शुल्क यानी टोल की दरें निर्धारित करने और संग्रहण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष सर्वे कराया जाएगा।

इस पूरे अध्ययन पर 2.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसके लिए पथ निर्माण विभाग ने प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।

सर्वे के दौरान हाईटेक कैमरों और वीडियो रिकॉर्डिंग के जरिए वाहनों की श्रेणी, संख्या और आवागमन के दबाव का गहन आकलन किया जाएगा।

दो तरह के होंगे सर्वे

टोल दर तय करने के लिए वीडियो बेस्ड क्लासिफाइड ट्रैफिक वॉल्यूम काउंट (वीसीटीवीसी) और ओरिजिन एंड डेस्टिनेशन (ओडी) सर्वे कराया जाना है।

वीसीटीवीसी मद में 1.85 करोड़ और ओडी सर्वे के लिए 46 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई है। ओडी सर्वे के जरिए इस बात की सटीक पड़ताल होगी कि वाहन किस स्थान से आ रहे हैं और उनका अंतिम गंतव्य कहां तक है।

वित्तीय वर्ष में लक्ष्य

विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में ही पूरी राशि खर्च कर सर्वे का काम समय पर पूरा करने का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया है।

यह संपूर्ण तकनीकी सर्वे बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) की देखरेख में संपन्न कराया जाएगा। सर्वे से प्राप्त वास्तविक आंकड़ों के आधार पर ही वाहनों की श्रेणियों के अनुसार टोल की वाजिब दरें तय की जाएंगी।

प्रारंभिक फेज का खाका

प्रारंभिक चरण में राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित 47 प्रमुख पुलों और 55 स्टेट हाइवे पर टोल टैक्स वसूलने की कार्ययोजना तैयार की गई है।

पूर्व में इन चयनित मार्गों पर प्राथमिक स्तर का ट्रैफिक सर्वे पूरा कराया जा चुका है। अब इस विस्तृत अध्ययन की अंतिम रिपोर्ट तैयार कर सीधे पथ निर्माण विभाग को सौंपी जाएगी।

मुजफ्फरपुर के रूट शामिल

मुजफ्फरपुर जिले में अरेराज-साहेबगंज एसएच-74 और सरैया-मोतीपुर एसएच-86 पर टोल टैक्स की वसूली शुरू की जाएगी। इसके अतिरिक्त पिलखी पुल, रघई घाट और बंगरा पुल से गुजरने वाले वाहनों से भी निर्धारित शुल्क लिया जाएगा।

विभाग की पूरी तैयारी है कि सभी प्रक्रियाओं को समय से पूरा कर इस वर्ष नवंबर से नई टोल नीति को धरातल पर लागू कर दिया जाए।