बिहार मछली उत्पादन में बना आत्मनिर्भर, अब निर्यात में नंबर वन बनाने के लिए चल रहा काम
Bihar Fish Production Self Reliant: बिहार मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर बन गया है और अब अतिरिक्त उत्पादन कर रहा है। ...और पढ़ें

HighLights
बिहार मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर, अब अतिरिक्त उत्पादन।
सरकार का लक्ष्य मत्स्य निर्यात में अग्रणी राज्य बनाना।
मछुआरों को 50% सब्सिडी और बाजार उपलब्ध कराने की योजना।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Bihar Fisheries Subsidy Scheme: भारत सरकार के पूर्व मंत्री कैप्टन जयनारायण प्रसाद निषाद की जयंती के अवसर पर मंगलवार को कच्ची-पक्की स्थित कैप्टन निषाद सभागार में 'मत्स्य पालकों का प्रशिक्षण एवं सम्मान समारोह' का भव्य आयोजन किया गया।
कैप्टन निषाद फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि बिहार अब मछली उत्पादन के मामले में पूरी तरह आत्मनिर्भर बन चुका है। एक समय था जब राज्य की मांग पूरी करने के लिए अन्य राज्यों से मछली मंगानी पड़ती थी, लेकिन अब बिहार में सरप्लस (अतिरिक्त) उत्पादन हो रहा है।
सरकार का मुख्य लक्ष्य अब बिहार को मत्स्य उत्पादन के साथ-साथ निर्यात (Export) के क्षेत्र में भी देश का अग्रणी राज्य बनाना है।
बाजार उपलब्ध कराने पर जोर
मंत्री नंदकिशोर राम ने कहा कि मत्स्य पालकों को बढ़ावा देने के लिए राज्यभर में पोखरों और जलाशयों को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इसके अलावा, मत्स्यजीवियों को अपनी उपज बेचने के लिए उचित बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर छोटी-छोटी दुकानें खोलने की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसानों और मछुआरों की जमीनी समस्याओं से रूबरू होने के लिए खुद गांवों तक पहुंच रही है। इस दौरान उन्होंने हर पंचायत में 'सुधा सखी' बनाने की योजना की भी जानकारी दी।
मछुआरों को 50 प्रतिशत सब्सिडी
समारोह में शिरकत कर रही बिहार सरकार की मंत्री रमा निषाद ने कहा कि राज्य सरकार मछुआरों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उन्हें विभिन्न योजनाओं के तहत 50 प्रतिशत तक की अनुदान (सब्सिडी) राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
वहीं, पूर्व सांसद अजय निषाद ने कैप्टन जयनारायण प्रसाद निषाद के जीवन और उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा मछुआरा समाज को जागरूक करने और उनके राजनीतिक-सामाजिक उत्थान के लिए अतुलनीय कार्य किए थे।
मत्स्य पालकों का हुआ सम्मान
इस प्रशिक्षण एवं सम्मान समारोह में विभिन्न राज्यों से पहुंचे दूर-दूर के मत्स्य पालकों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा पूर्वी के जिलाध्यक्ष विवेक कुमार, प्रदेश मंत्री मुकेश शर्मा, भाजपा नेता आदर्श कुमार, धनंजय कुमार, राजू कुमार सिंह, जिला मत्स्य पदाधिकारी रणधीर कुमार, सहायक मत्स्य निदेशक डॉ. टुनटुन सिंह, प्रगतिशील किसान गोपाल शाही और विकास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं मत्स्यजीवी उपस्थित रहे।