विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में 11 फरवरी के बाद से निलंबित राजस्व कर्मचारियों का निलंबन होगा खत्म

By Prem Shankar Mishra Edited By: Dharmendra Singh
Published: Mon, 20 Apr 2026 05:30 AM (IST)

बिहार में ढाई माह से निलंबित राजस्व कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने 11 फरवरी से 19 अप्रैल तक निलंबित सभी कर्मचारियों का निलंबन वापस लेने का निर्देश दिया है। 

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. निलंबन वापसी का आदेश राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने दिया।

  2. जनगणना कार्य में राजस्व कर्मचारियों की अहम भूमिका।

  3. ढाई माह से निलंबित 224 कर्मचारियों को मिलेगी राहत।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । पिछले ढाई माह से निलंबित चल रहे राजस्व कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। इन सभी निलंबित राजस्व कर्मचारियों की निलंबन वापसी की जाएगी।

इस संबंध में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर सचिव ने रविवार को सभी समाहर्ता को पत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि 11 फरवरी से लेकर 19 अप्रैल तक जितने भी राजस्व कर्मचारियों को निलंबित किया गया है उनकी निलंबन वापसी की जाए।

विदित हो कि विभिन्न मांगों को लेकर राज्य में राजस्व कर्मचारी 11 फरवरी से हड़ताल पर हैं। लगातार हड़ताल पर रहने से राज्य में 224 राजस्व कर्मचारियों के निलंबन की कार्रवाई की गई थी।

दरभंगा में सर्वाधिक 135 राजस्व कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया था। हड़ताल व निलंबन की कार्रवाई के कारण राजस्व से जुड़े कार्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। वहीं देश में जनगणना का कार्य भी 17 अप्रैल से शुरू हो गया है।

हड़ताल के कारण जनगणना कार्य पर असर पड़ सकता है। इसे देखते हुए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने निलंबन समाप्त करने का निर्णय लिया है।

विभाग के अपर सचिव डा. महेंद्र पाल ने सभी समाहर्ताओं को जारी पत्र में कहा कि जनगणना कार्य में राजस्व कर्मचारियों की अहम भूमिका है। इसे देखते हुए 11 फरवरी से 19 अप्रैल 2026 (हड़ताल अवधि) तक जितने भी राजस्व कर्मचारियों को निलंबित किया गया है उनका निलंबन वापस कर दिया जाए। इससे जनगणना कार्य सुचारु रूप से जारी रहेगा।

किस जिले में कितने राजस्व कर्मियों को हड़ताल अवधि में किया गया निलंबित
दरभंगा - 135
शेखपुरा - 13
गोपालगंज-11
अररिया, भोजपुर - पांच-पांच
कैमूर, सारण-चार-चार
सीतामढ़ी, गया जी - तीन-तीन
मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर, सुपौल, सिवान, पूर्णिया, पूर्वी चंपारण, जहानाबाद, नवादा, जमुई, मधुबनी, वैशाली, औरंगाबाद, नालंदा, रोहतास, कटिहार,सहरसा, भागलपुर, पश्चिम चंपारण -दो-दो
बक्सर, मुंगेर, किशनगंज - एक-एक
कुल - 224

लोगों को भी मिलेगी राहत

पिछले करीब ढाई माह से राजस्व कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से राजस्व के कार्य प्रभावित रहे हैं। दाखिल-खारिज से लेकर परिमार्जन आदि कार्य एक तरह से बंद है।

प्रशासनिक स्तर से अमीन और पंचायत सचिव को यह कार्य दिया गया, मगर लोगों को राहत नहीं मिली। निलंबन की कार्रवाई समाप्त होने पर राजस्व कर्मचारियों की ओर से हड़ताल समाप्त होती है तो आमलोगों को भी राहत मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।