यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 11, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Kudhni By-election: भाजपा के मुकाबले मैदान में होगा जदयू का उम्मीदवार!...क्या कुढ़नी में इतिहास दोहराया जाएगा
Kudhni Assembly By-election 2022 बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के चुनाव में कुढ़नी सीट पर राजद के डा. अनिल सहनी ने ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर, [अमरेन्द्र तिवारी]। कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव की डुगडुगी बजते ही पार्टियां तैयारियों में जुट गई हैं। 2020 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा व जदयू एक साथ थे, जबकि राजद ने अलग चुनाव लड़ा था। अब जब उपचुनाव हो रहे हैं तो राजद व जदयू साथ हैं और भाजपा अलग चुनाव लड़ रही है। इस सीट पर 2015 में भाजपा ने जदयू को हराया था। हालांकि यहां जदयू की भी जीत होती रही है। इस सीट पर अंदर ही अंदर उसकी भी नजर है। इसके अलावा भाजपा के प्रोफेसर हरिशंकर भारती, अशोक सहनी, रामकुमार झा, शशिरंजन कुमार भी दावेदारी कर रहे हैं। प्रो. भारती यादव बिरादरी से आते हैं। उनके परिवार को एक बार कुढ़नी का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल चुका है। वहीं, मुकेश सहनी की पार्टी वीआइपी व असदुद्दीन ओवैसी की एआइएमआइएम अगर सशक्त मुस्लिम प्रत्याशी उतारती है तो फिर यहां मुकाबला दिलचस्प हो जाएगा। राजनीतिक गलियारे में चर्चा यह भी है कि जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष शाह आलम शब्बू मजबूत दावेदार हो सकते हैं।
मामूली अंतर से जीते थे राजद के अनिल सहनी
2020 के विधानसभा चुनाव में कुढ़नी सीट पर राजद के डा.अनिल सहनी ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी केदार प्रसाद गुप्ता को 712 मतों के अंतर से हराया था। डा. सहनी को कुल 77,549 मत प्राप्त हुए थे, जबकि केदार प्रसाद को 77,837 मत मिले थे। तब चुनाव परिणाम ने सबको चौंका दिया था। 2015 में भाजपा ने जदयू को हराया था : 2015 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो भाजपा उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता ने जेडीयू के मनोज कुशवहा को हराया था। केदार प्रसाद गुप्ता को 73,227 वोट मिले थे, जबकि मनोज कुशवाहा को 61,657 वोट मिले। हार का अंतर 11,570 था। इस बार भी केदार गुप्ता की मजबूत दावेदारी मानी जा रही है। 2010 के चुनाव में इस सीट से जदयू के मनोज कुशवाहा विधायक चुने गए थे। उन्होंने लोजपा के बिजेंद्र चौधरी को हराया था। जहां मनोज कुशवाहा को 36,757 मत मिले थे, वहीं बिजेंद्र चौधरी ने 35,187 वोट हासिल किए थे। हार का अंतर महज 1,570 वोटों का था।
कुढ़नी विधानसभा सीट पर ये नेता रहे विधायक
वर्ष - विधायक- पार्टी
- 1951 -कपिल देव प्रसाद सिंह- कांग्रेस
- 1962 -राम गुलाम चौधरी -कांग्रेस
- 1967 -केएन सहाय-कांग्रेस
- 1969 -साधु शरण साही-पीएसपी
- 1972-साधु शरन साही-एसओपी
- 1977-साधु शरन साही-जेएनपी
- 1980-राम परीक्षण साहू-जेएनपी
- 1985-शिव नंदन राय-कांग्रेस
- 1990-साधु शरण साही-निर्दलीय
- 1991-आरपी साहू-जनता दल
- 1995-बसावन भगत-जनता दल
- 2000-बसावन भगत-आरजेडी
- 2005-मनोज कुमार सिंह (मनोज कुशवाहा)-जेडीयू
- 2005-अक्टूबर मनोज कुमार सिंह- जेडीयू
- 2010-मनोज कुमार सिंह (मनोज कुशवाहा)-जेडीयू
- 2015-केदार प्रसाद गुप्ता-बीजेपी
- 2020-डा. अनिल सहनी- राजद