यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Kudhni Assembly By-election: महागठबंधन के बाद भाजपा की ओर से भी प्रत्याशी का नाम तय...औपचारिक घोषणा का इंतजार
Bihar Politics बिहार की कुढ़नी विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होती जा रही है। ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव को लेकर सरगर्मियां बढ़ती जा रही हैं। महागठबंधन के प्रत्याशी मनोज कुशवाहा कुछ ही देर के बाद अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसके बाद एक सभा का भी आयोजन किया गया है। वहीं दूसरी ओर भाजपा ने भी अपने प्रत्याशी का नाम तय कर दिया है। केवल औपचारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। पार्टी की उम्मीदवारी को लेकर जिला भाजपा कोर ग्रुप की बैठक जिला कार्यालय में हुई थी। भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्व विधायक केदार गुप्ता की उम्मीदवारी पर मुहर लगी है।

दो चुनाव के दौरान बेहतर प्रदर्शन
कहा गया कि 2015 में जीतने के बाद पिछले चुनाव में भी वे मामूली अंतर से हार गए थे। उनके नाम के प्रस्ताव की जानकारी से जिला कोर ग्रुप ने प्रदेश नेतृत्व को अवगत करा दिया है। इसके अलावा वैसे सभी नेता एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की जवाबदेही तय की गई जो चुनाव कार्य में लगेंगे। जिला से लेकर बूथ स्तर तक के लगभग 300 कार्यकर्ताओं को प्रमुख जिम्मेदारी दी गई है। रोचक बात यह है कि मनाेज कुशवाहा की तरह ही भाजपा के संभावित प्रत्याशी बताए जा रहे केदार गुप्ता ने नामांकन की प्रक्रिया आरंभ होते ही नाजिर रसीद कटा ली है। हालांकि उनके नाम की घोषणा अभी नहीं हुई है।
भाजपा को हर समाज का वोट
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के विकासवादी एजेंडे को प्रमुखता देते हुए जिले के सभी नेता एवं कार्यकर्ता कुढ़नी में पार्टी को जीत दिलाने को संकल्पित हैं। हम भारी मतों से कुढ़नी में जीत दर्ज करेंगे। पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा ने कहा कि पूर्व के चुनाव में भाजपा को हर समाज के मतदाता ने वोट किया। पहली बार भाजपा को मोकामा में इतना बड़ा जनमत आया है। स्पष्ट है कि कुढ़नी में कमल खिलेगा, लेकिन हमें और मेहनत करने की जरूरत है। घर-घर संपर्क एवं मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करना आवश्यक है। बैठक में सांसद अजय निषाद, विधायक डा. अरुण कुमार सिंह, पूर्व विधायक केदार प्रसाद गुप्ता, पूर्व विधान पार्षद नरेंद्र प्रसाद सिंह, विवेक कुमार, कुढ़नी प्रभारी मनीष कुमार, जिला महामंत्री सचिन कुमार, धर्मेंद्र साहु, मनोज कुमार सिंह, डा. अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य मौजूद थे।