यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 27, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तेजस्वी का यू-टर्न...ए-टू-जेड की जगह RJD अब इस समीकरण पर कर रहा काम, BJP के वरीय नेता ने सबकुछ बता दिया
Bihar Politics बिहार विधानसभा के सबसे बड़े दल राजद ने अपने आधार वोट की प्राथमिकता में एक बार फिर से ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान की तारीख नजदीक आती जा रही है। एक ओर जहां प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच रही है वहीं राजनीतिक दलों ने भी अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। दोनों प्रमुख दलोें के सभी प्रमुख नेता लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। सभाएं कम हो रही हैं। इस बीच भाजपा ने राजद की राजनीतिक शैली पर सवाल उठाए हैं। उसने मुसलमानों को लेकर की जा रही राजनीति को सवालों के घेरे में लाया है।
मुसलमानों को सिर्फ ठगा गया
पूर्व मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि देश में भाजपा का डर दिखाकर मुसलमानों को सिर्फ ठगा गया है। बिहार में राजद ने भी कुछ ऐसा ही काम किया है। उनके लिए कुछ नहीं किया है। मुसलमान अब बातों को समझ रहे हैं। गोपालगंज चुनाव में यह फैक्टर दिखा, कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव में भी यह देखने को मिलेगा। भाजपा उम्मीदवार केदार गुप्ता के लिए जनसंपर्क अभियान चलाने के बाद एक होटल में प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री ने कहा, राजद या महागठबंधन के लिए माई समीकरण होता था। यह वाईएम हो गया है। इसलिए बिहार कैबिनेट में मुसलमान मंत्री आठवें नंबर पर शपथ ग्रहण करते हैं। वहीं भाजपा ने जब उन्हें मंत्री बनाया तो दूसरे नंबर पर शपथ दिलाई। उन्होंने कहा, अल्पसंख्यक का वोट किसी की जागीर नहीं। ओवैसी समाज में दरार पैदा करने वाली बात करते हैं। भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास पर काम करती है। किशनगंज से अपने चुनाव जीतने को लेकर कहा, सीमांचल में कमल पहले खिल चुका है। यह आगे भी दिखेगा।
उनका काम देखने जा रहे मुख्यमंत्री
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बेला लेदर पार्क हो या मोतीपुर में एथनाल प्लांट। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनके काम को देखने जा रहे, मगर उनके पास योजना नहीं। आरटीआइ तैयार रखिए, एक-दो साल में योजनाओं पर काम को लेकर आवेदन कर सकते हैं। राज्य में बेरोजगारी पर उन्होंने कहा, आज भी छठ में बिहार के लिए ट्रेनों की मांग होती है। वह दिन कब आएगा जब गणेश चतुर्थी मनाने के लिए महाराष्ट्र के लोग बिहार से विशेष ट्रेन की मांग करेंगे। प्रेस वार्ता में भाजपा नेता देवांशु किशोर, डा. अशोक कुमार शर्मा, गिरिराज फैंस क्लब के राजीव कुमार आदि मौजूद थे।