विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिता नीतीश की झलक दिखा गए निशांत, मुजफ्फरपुर में मरीजों से संवाद कर हर शिकायत पर दिया गौर

Published: Thu, 03 Sep 2026 11:41 PM (IST)

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मुजफ्फरपुर के होमी भाभा कैंसर अस्पताल का दौरा किया, जहां उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर में मरीजों से संवाद करते निशांत।

मुजफ्फरपुर में मरीजों से संवाद करते निशांत।

प्रेम शंकर मिश्रा, मुजफ्फरपुर। बाबा कैसे हैं। इलाज कैसा चल रहा है। सब व्यवस्था ठीक है ना। कोई दिक्कत तो नहीं...। गुरुवार को एसकेएमसीएच परिसर स्थित होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर में कैंसर मरीज से यह संवाद कर रहे थे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार।

मरीज ने इशारे में बताया कि सब ठीक है। स्वजन ने भी बेहतर व्यवस्था की बात की। निशांत कुमार का संवाद जारी रहा। एक-एक चीज देख रहे हैं। बेहतर इलाज के लिए जो भी जरूरी होगा, करेंगे।

इस बीच एक मरीज के स्वजन ने एक तीमारदार के रहने की व्यवस्था में बदलाव की मांग रखी। कहा-गंभीर मरीज के लिए एक व्यक्ति से काम नहीं चलता। इस बीच अस्पताल के एक पदाधिकारी ने बताया कि यहां नर्स एवं अन्य कर्मचारी रहते हैं।

वह देखते हैं, मगर शिकायतकर्ता की बात निशांत गंभीरता से सुनते हैं। व्यवस्था कैसे बेहतर हो सकती है, इसके लिए पास खड़े सचिव कुमार रवि से चर्चा करते हैं। इसके बाद भी जिस मरीज या स्वजन से कोई बात आई, निशांत ने उनके पास जाकर सुनी।

राजनीति में आने से पहले की गई टिपण्णी को निशांत कुमार मानो आज जवाब दे रहे थे। अंदाज कुछ-कुछ पिता नीतीश कुमार की तरह। उनके वे शब्द भी जो अमूमन कहते हैं।

हम एक-एक चीज को देख रहे हैं। मीडिया से भी खुलकर बात की। कहा, राज्य के हर व्यक्ति के बेहतर इलाज की व्यवस्था के लिए एक-एक चीज कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर को मिली बड़ी सौगात, कैंसर मरीजों के लिए 112 करोड़ से बनेगा 100 बेड का यूनिट

कैंसर अस्पताल में जो बातें सामने आईं, पदाधिकारियों ने जिन कमियों पर ध्यान आकृष्ट कराया सभी को पूरा करने की दिशा में निर्देश दिए। यही नहीं एसकेएमसीएच की आइसीयू के उद्घाटन के बाद विभिन्न कोर्स के विद्यार्थियों से वह आधा घंटे तक रूबरू हाेते रहे।

शाेर-शराबे के बीच  जहां सुरक्षाकर्मियों की परेशानी दिख रही थी, वहां वे उनकी शिकायतों को धैर्य से सुनते रहे। यहां तक कि यहां से प्रस्थान करते समय उनके काफिला तक बड़ी संख्या में विद्यार्थी जमे रहे।

उन्होंने सभी के आवेदन लिए, साथ ही कहा-एक-एक चीज को देखेंगे। निशांत के शब्द और उनका यह दौरा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की झलक जरूर दिखा गया।