नगर विकास मंत्री ने कहा- शहर के सभी पोखरों व तालाबों का होगा जीर्णोद्धार Muzaffarpur News
मंत्री ने किया तीन पोखरिया एवं ब्रह्मपुरा पोखर के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ। दम तोड़ चुके पोखरों-तालाबों को फिर जिंदा किया जाएगा। केंद्र एवं राज्य सरकार जल संचय को सजग है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। 'तलाश तालाबों की' अभियान चलाकर शहर के दम तोड़ रहे पोखरों एवं तालाबों को फिर से जिंदा करने की दैनिक जागरण ने जो पहल की थी, वह रंग लाने लगा है। नगर विकास एवं आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा ने शहर के दो प्रमुख पोखरों ब्रह्मपुरा एवं तीन पोखरिया के जीर्णोद्धार कार्य की शुरुआत की। इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दम तोड़ चुके पोखरों-तालाबों को फिर जिंदा किया जाएगा। केंद्र एवं राज्य सरकार जल संचय को सजग है।
प्रधानमंत्री ने अलग से जल शक्ति मंत्रालय का गठन किया गया है। वर्षा जल संचय को जिला के साथ-साथ राज्य के सभी पोखरों-तालाबों को संरक्षित किया जाएगा। नगर विकास विभाग अभियान चलाकर राज्य के सभी पोखरों-तालाबों का जीर्णोद्धार करेगा। इस अवसर पर उपमहापौर मानमर्दन शुक्ला ने कहा कि शहर की हवा-पानी दोनों दूषित हो रहे हैं। इससे निबटने के उपायों पर गंभीरता से विचार करना होगा। पोखरों के जीर्णोद्धार से जल संकट से निबटने में मदद मिलेगी।
नगर आयुक्त संजय दूबे ने कहा कि वर्षा जल को संचित कर धरती की प्यास बुझाने एवं भूजल स्तर में हो रही गिरावट रोकने में मदद मिलेगी और पेयजल संकट दूर होगा। मंत्री प्रवक्ता संजीव कुमार सिंह ने कहा कि राज्य योजना मद से तीन पोखरिया के विकास को 59.26 लाख एवं ब्रह्मपुरा पोखर के विकास को 85.88 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानी राम संजीवन ठाकुर, बिहार राज्य ट्रांसपोर्ट फेडरेशन के अध्यक्ष अध्यक्ष उदय शंकर प्रसाद सिंह, वार्ड पार्षद सीमा झा, अर्चना पंडित, गायत्री चौधरी, राकेश कुमार पिंटू, केपी पप्पू, संजय कुमार केजरीवाल, कार्यपालक अभियंता सुरेश कुमार सिन्हा, विष्णुकांत झा, पूर्व पार्षद विजय झा, मनोरंजन शाही, हरि मोहन चौधरी, योगेश कुमार टिंकू, आलोक वर्मा, अखिलेश जायसवाल आदि उपस्थित रहे।