Bihar Chunav 2020: मतदाताओं में वोटिंग को लेकर दिख रहा उत्साह, जलपान से पहले मतदान करने पहुंच रहे
Bihar Election 2020 मुजफ्फरपुर में मंगलवार की सुबह सात बजे से मतदान का क्रम आरंभ हो गया है। लोगों में उत्साह दिख रहा है। वे कुछ भी काम आरंभ करने से पहले मतदान के लिए पहुंच रहे हैं।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले के पहले चरण के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू है। केंद्रों पर मतदाताओं में गजब का उत्साह दिख रहा है। सुबह से ही लोग वोट देने के लिए मतदान केंद्रों की तरफ बढ़ रहे हैं। बरूराज, पारू या साहेबगंज विधानसभा हाे, हर जगह एक ही स्थिति है। बरूराज विधानसभा के बूथ संख्या 167 पर वोट देने पहुंची महिलाओं ने बताया कि भोजन नाश्ता बाद में होगा। पहले बूथ पर पहुंच गए और मतदान किए। इस तरह की बात कई महिलाओं ने बताई।
हर बूथ पर अर्धसैनिक बल के जवान तैनात हैं। लोग लाइन में लगकर मतदान कर रहे हैं। बूथों पर आशा व स्वास्थ्य कर्मी लोगों की स्क्रीनिंग के बाद ही मतदान करने की अनुमति दे रहे हैं। जो मास्क नहीं पहन कर आ रहे हैं उन्हें मास्क पहने की नसीहत दी जा रही है। सिविल सर्जन डॉ एसपी सिंह ने बताया कि सभी बूथों पर सैनिटाइजेशन और स्क्रीन की व्यवस्था की गई है। पीएचसी के प्रबंधक टप्पू गुप्ता ने बताया कि कोई आपात स्थिति होगी तो वहां टीम भेजी जाएगी। वैसे अब तक यानी 8:30 तक कहीं से कोई अप्रिय वारदात की सूचना नहीं है। सभी जगह शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। यहां जनप्रतिनिधि भी लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। लोगों को पर्ची दी जा रही है। सरकारी स्तर पर भी मतदाता पर्ची का वितरण किया गया है।
Bihar Election 2020: बूथों पर महिला वोटरों का जलवा, 9 बजे तक 8.05% वोटिंग, यहां देखें पल-पल का अपडेट