यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 28, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
BIGG BOSS-12 फेम दीपक ठाकुर के पिता को जेल, SC-ST अत्याचार के मामले में थे आरोपित
अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार के मामले में आरोपित हैं दीपक के पिता व अन्य। एक साल पहले मुशहरी थाना में दर्ज हुआ था मामला। कोर्ट में जमानत की अर्जी दाखिल।

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। 'बिग बॉसÓ फेम दीपक ठाकुर के पिता मुशहरी थाना के आथर गांव निवासी पंकज ठाकुर गुरुवार को विशेष एससी / एसटी के कोर्ट में सरेंडर किया। सरेंडर करने वालों में उनके साथ संजय राय भी थे। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। दोनों के विरुद्ध मारपीट व अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार प्रतिषेध अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए हैं। दोनों की ओर से विशेष एससी /एसटी कोर्ट के प्रभारी एडीजे-11 मनोज कुमार के कोर्ट में जमानत की अर्जी दाखिल की गई है। इस अर्जी पर शुक्रवार को सुनवाई होने की संभावना है।
यह है मामला
पंकज ठाकुर सहित सात लोगों के विरुद्ध मुशहरी थाना में पिछले साल आठ मार्च को केस दर्ज किया गया था। यह केस आथर गांव के लखीद्र पासवान ने दर्ज कराया था। इसमें उसने कहा था कि घटना 16 फरवरी 2018 की है। पर्चा के आधार पर वे अपने खेत में तोरी की फसल कटवा रहे थे। पंकज ठाकुर वहां पहुंचे और तोरी काटने से मना कर दिया।
बाद में अन्य आरोपितों के साथ पहुंच कर पिटाई की और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया। पिटाई में वे घायल हो गए और उन्हें एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया। उधर, पंकज ठाकुर ने बताया कि वे निर्दोष है। गलत तरीके से उन्हें व अन्य लोगों को फंसाया गया है।
