Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पश्चिम चंपारण में बेतिया बना नगर निगम, अब नागरिक सुविधाओं में होगा इजाफा

    By Dharmendra Kumar SinghEdited By:
    Updated: Sat, 26 Dec 2020 06:11 PM (IST)

    बेतिया को नगर निगम का दर्जा मिलने के साथ ही यहां के लोगों की पुरानी मांगें पूरी हो गई। गठन के बाद नगर निगम की आबादी 1 लाख 38 हजार 736 से बढ़कर 4 लाख 14 हजार 453 हो जाएगी ।

    Hero Image
    बेतिया नगर परिषद को अब नगर निगम का दर्जा मिल गया है।

    पश्चिम चंपारण, जासं । मंत्रीमंडल की स्वीकृति के बाद बेतिया नगर परिषद को अब नगर निगम का दर्जा मिल गया है। नगर निगम का दर्जा मिलने के साथ ही यहां के लोगों की पुरानी मांगें पूरी हो गई। नगर निगम का दर्जा मिलने के साथ ही यहां के लोगों की सुविधाओं में इजाफा होगा। अब सरकार से विभिन्न सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पहले की तुलना में ज्यादा आवंटन भी प्राप्त होगा। और तो और शहर में ध्वस्त जल निकासी व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीदें जग गई हैं। तो कई तरह की आधरभूत संरचनाओं का विकास भी होगा। बेतिया नगर निगम के लिए सबसे महत्वपूर्ण बात तो यह है कि इस क्षेत्र से 17 ग्राम पंचायतों के लोग भी जुड़़ गए हैं। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विजय उपाध्याय ने बताया कि नगर निगम के गठन हो जाने के बाद बेतिया नगर निगम की आबादी 1 लाख 38 हजार 736 से बढ़कर 4 लाख 14 हजार 453 हो जाएगी। गठन के बाद शामिल किए गए क्षेत्रों का सीमांकन करते हुए वार्डों का पुर्नगठन किया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

     लौरिया, मझोलिया, योगापट्टी, सिकटा व बगहा दो के वाल्मीकिनगर को बनाया गया नगर पंचायत 

    सरकार ने पांच प्रखंड क्षेत्रों को नगर पंचायत का दर्जा दिलाया है। इनमें लौरिया, मझौलिया, योगापट्टी प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र तथा बगहा-02 प्रखंड अंतर्गत वाल्मीकिनगर को शामिल किया गया है। जहां लोगों की सुविधाओं में इजाफा होगा। बता दें कि इस प्रस्ताव को स्वीकृत कराने में जिलाधिकारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में संबंधित अधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा है। सभी के समन्वित प्रयास के द्वारा शीघ्र ही बेतिया को नगर निगम एवं रामनगर नगर पंचायत को नगर परिषद का दर्जा मिला। 

    लोगों में हर्ष सरकार व जिला प्रशासन की हो रही है सराहना

    बेतिया नगर परिषद को नगर निगम, रामनगर को नगर परिषद तथा अन्य पांच प्रख्ंड के नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के बाद यहां के लोगों में खुशी का माहौल है। उनके बीच संबंधित क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के विकास होने के साथ- साथ उनकी सुविधाओं में इजाफा होने की आस जग गई है। शहर के बानूछापर निवासी मणि भूषण चौधरी ने नगर विकास एवं आवास विभाग के इस निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इससे बानुछापर के लोगों को जल निकासी की समस्या से निजात मिलेगी। लाल बाजार निवासी गोविन्द झा ने बताया कि नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद यहां के लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। नया बाजार निवासी राकेश कुमार ने बताया कि बेतिया को नगर निगम का दर्जा मिलना यहां के हक में एक वरदान साबित होगा। इससे यहां के लोगों को सुविधाओं के विकास की उम्मीद जग गई है।