यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 22, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बैरिया बस पड़ाव की दुकानों का होगा फिर से निर्माण, दोबारा आवंटन किया जाएगा
एसडीओ पश्चिम ब्रजेश कुमार ने कहा कि स्मार्ट सिटी के तरह बैरिया बस पड़ाव का जीर्णोद्धार किया जाएगा। यात्री सुविधा ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर, जासं। स्मार्ट सिटी के तरह बैरिया बस पड़ाव का पुर्ननिर्माण होगा। यहां के दुकानों को तोड़ कर स्मार्ट सिटी के मानक के अनुसार दुकानों का निर्माण होगा। इससे पूर्व बैरिया बस पड़ाव समिति द्वारा यहां के दुकानदारों के साथ बैठक कर विस्थापन एवं नवनिर्माण के बाद दोबारा आवंटन पर चर्चा की जाएगी। बस पड़ाव के सचिव सह एसडीओ पश्चिम ने दुकानदारों को नोटिस भेज कर 23 नवंबर बैठक की सूचना देते हुए उपस्थित होने को कहा है। कहा गया है कि बैठक में आवंटित दुकान का मूल दस्तावेज एवं अद्यतन किराया भुगतान की स्थिति से संबंधित कागजात के साथ आने को कहा गया है।
एसडीओ पश्चिम ब्रजेश कुमार ने कहा कि स्मार्ट सिटी के तरह बैरिया बस पड़ाव का जीर्णोद्धार किया जाएगा। यात्री सुविधा बढ़ाई जाएगी। पुराने दुकानों को तोड़ कर नए दुकान बनाए जाएंगे। जनवरी से निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। निर्माण कार्य शुरू होने से पूर्व दुकानदारों के साथ बैठक कर निर्माण कार्य पूरा होने तक उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था को कहा जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद जिन दुकानदारों के कागजात दुरुस्त होंगे उन्हें दुकान आवंटन में प्राथमिकता दी जाएगी। इधर, मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन के जिला प्रवक्ता कामेश्वर महतो ने दुकान आवंटन में यहां के दुकानदारों को सुविधा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दुकानदार वर्षों से यहां से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में प्रशासन को मानवीय आधार पर उन्हें सुविधा एवं प्राथमिकता देनी चाहिए।
बसों में मास्क नजरअंदाज, शारीरिक दूरी दरकिनार
मुजफ्फरपुर : कोरोना गाइडलाइन की अनदेखी से एक बार फिर से संक्रमण का खतरा बनता जा रहा है। बसों में कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ रहीं हैं। यात्री बिना मास्क सफर कर रहे हैं। चालक एवं कंडक्टर भी मास्क को नजरअंदाज कर रहे हैं। दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा, जयपुर समेत विभिन्न राज्यों से बसों में यात्री बिना मास्क सफर कर रहे हैं। शारीरिक दूरी का भी पालन नहीं हो रहा है। बसें ओवरलोड होकर चल रही हैं। यात्री बस पड़ाव पर उतरकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिना रोक-टोक जाने से संक्रमण का खतरा मंडराने लगा है। बैरिया पड़ाव से प्रतिदिन करीब 200 से अधिक बसों का परिचालन होता है। यहां से दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा, जयपुर, सिलीगुड़ी, रांची, टाटानगर आदि के लिए करीब चार दर्जन से अधिक बसों का परिचालन होता है। इसके साथ ही पटना, हाजीपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, बेतिया, मोतिहारी, मधुबनी, जयनगर, सीतामढ़ी, शिवहर, बेगूसराय समेत विभिन्न जिलों के लिए भी बसें चलती हैं। इन जगहों से आने वाले यात्रियों की जांच नहीं होना संक्रमण को दावत देने जैसा है।
