मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंचते ही यात्रियों को झटका, बगहा-पाटलिपुत्र इंटरसिटी हाजीपुर तक सिमटी
रैक की कमी के कारण बगहा-पाटलिपुत्र इंटरसिटी एक्सप्रेस अब हाजीपुर तक ही संचालित हो रही है, जिससे मुजफ्फरपुर सहित यात्रियों को पाटलिपुत्र तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
HighLights
बगहा-पाटलिपुत्र इंटरसिटी एक्सप्रेस अब हाजीपुर तक ही संचालित हो रही।
रैक की कमी के कारण ट्रेन का परिचालन प्रभावित हुआ है।
मुजफ्फरपुर समेत यात्रियों को पाटलिपुत्र पहुंचने में हो रही दिक्कत।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बगहा से पाटलिपुत्र तक सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। जिस ट्रेन से यात्री सीधे पाटलिपुत्र तक पहुंचते थे, उसकी सेवा इन दिनों हाजीपुर तक सिमट गई है।
अपने ही रैक की कमी के कारण बगहा-पाटलिपुत्र फास्ट इंटरसिटी एक्सप्रेस कई दिनों से पाटलिपुत्र के बजाय हाजीपुर में ही टर्मिनेट की जा रही है। इससे मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के यात्रियों को बीच रास्ते में उतरकर आगे की यात्रा की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
रैक की कमी बनी बड़ी बाधा
रेल सूत्रों के अनुसार, ट्रेन संख्या 15201/15202 पहले नरकटियागंज तक ही संचालित होती थी। यात्रियों की बढ़ती संख्या और लगातार मांग को देखते हुए रेलवे ने इसे बगहा से चलाने का निर्णय लिया था। इसके साथ ही सेवा के लिए चार अतिरिक्त रैक की व्यवस्था की गई थी। अब रैक की उपलब्धता ही ट्रेन के नियमित संचालन में बाधा बन रही है।
आधे रैक दूसरे मंडल में भेजे जा रहे
सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन का पूरा रैक रेलवे के पास उपलब्ध नहीं है। रैक का कुछ हिस्सा दूसरे मंडल में भेजे जाने के कारण पर्याप्त कोच उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में ट्रेन को पाटलिपुत्र तक ले जाने के बजाय हाजीपुर में ही टर्मिनेट करना पड़ रहा है।
यात्रियों को हाजीपुर में बदलनी पड़ रही यात्रा
पाटलिपुत्र जाने वाले यात्रियों को हाजीपुर में उतरने के बाद आगे के लिए दूसरी ट्रेन या अन्य साधन का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे विशेषकर मुजफ्फरपुर और आसपास के यात्रियों को परेशानी हो रही है। यात्रियों की मांग है कि ट्रेन को निर्धारित समय और मार्ग के अनुसार पाटलिपुत्र तक चलाया जाए।
दो दिनों में सामान्य होने की उम्मीद
रेल सूत्रों की मानें तो रैक की व्यवस्था होने के बाद अगले दो दिनों में ट्रेन का परिचालन फिर फुल रैक के साथ पाटलिपुत्र तक शुरू होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर काम पूरा, ग्वालियर मेल और लखनऊ एक्सप्रेस समेत 20 ट्रेनें पुराने रूट पर लौटीं
