पूर्वी चंपारण के मधुबन में छापेमारी करने गई पुलिस पर हमला, जीप क्षतिग्रस्त
शराब कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी करने गई थी पुलिस। पहली बार पुलिस को हटना पड़ा पीछे। दूसरी बार की छापेमारी में शराब जब्त। तीन गिरफ्तार।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। पूर्वी चंपारण के मधुबन थाना क्षेत्र के टलवा गड़हिया गांव में रविवार को अवैध शराब के भंडारण की सूचना पर छापेमारी करने गई पुलिस की टीम व ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान उग्र लोगों की भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया। रोड़ेबाजी में पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं कई लोग चोटिल हुए हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त मिली थी उक्त गांव में ट्रक से शराब की बड़ी खेप आती है। फिर छोटी गाडिय़ों से शराब की सप्लाई की जाती है।
सूचना मिलने के साथ थानाध्यक्ष अमित कुमार व दारोगा कल्याण सिंह सैप जवानों के साथ गांव में छापेमारी के लिए पहुंचे। पुलिस को देखने के साथ लोग उग्र हो गए और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में मधुबन थाना की पुलिस जीप का शीशा टूट गया। कुछ जवान भी चोटिल हुए। ग्रामीणों के आक्रोश को देख पुलिस बिना कार्रवाई के वहां से लौटी। फिर दोबारा अतिरिक्त बल के साथ पुलिस ने गांव में दोबारा छापेमारी की। इस दौरान एक ट्रक से एक पेटी शराब जब्त किया गया और तीन लोग गिरफ्तार किए गए।
गिरफ्तार किए जानेवालों में टलवा गड़हिया के अमित कुमार, पैगंबरपुर के नीतीश कुमार और कृष्णनंदन प्रसाद शामिल हैं। उधर ग्रामीणों ने भी पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के अनुसार घटना में मुक्तिनाथ प्रसाद की पुत्री विनीता कुमारी घायल है। उसका इलाज चकिया के एक निजी अस्पताल में हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने इस आरोप को सिरे से खारिज किया है। घटना के बाद गांव में वीरानगी छाई है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि सरकारी काम में बाधा पहुंचाने वाले लोगों के विरूद्ध मामला दर्ज किया जा रहा है।
पकड़ीदयाल के पुलिस उपाधीक्षक दिनेश कुमार पांडेय ने कहा कि छापे के दौरान एक पेटी शराब जब्त किया गया है। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस यहां के निवासी विकास कुमार के यहां छापेमारी करने गई थी। वह शराब के अवैध धंधे में पहले भी जेल जा चुका है। जांच की जा रही है। शराब धंधेबाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।