भूमि विवाद सुलझाने गए सीओ और पुलिस पर जानलेवा हमला, जवानों पर फेंका मिर्च पाउडर
मामला मधुबनी के घोघरडीहा नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक का। सरकारी वाहन पर पेट्रोल छिड़का। हमलावरों के तेवर देख सीओ और पुलिस को जान बचाकर भागने को होना पड़ा मजबूर।
मधुबनी, जेएनएन। जिले के फुलपरास अंतर्गत घोघरडीहा नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक स्थित टावर चौक के समीप जमीनी विवाद सुलझाने गई पुलिस और प्रशासन की टीम पर कब्जाधारी के अचानक हमलावर हो जाने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। हमलावरों ने जवानों पर मिर्च पाउडर फेंका। साथ ही सरकारी गाड़ी पर पेट्रोल छिड़क दिया। इस संबंध में अंचलाधिकारी रमन कुमार ने स्थानीय थाने में दो लोगों के विरूद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार घोघरडीहा नगर पंचायत वार्ड नंबर-8 निवासी उर्मिला देवी, पति महेंद्र झा ने जमीनी विवाद से संबंधित एक आवेदन अंचलाधिकारी को दिया था।
इस आवेदन के आलोक में स्थलीय जांच हेतु सीओ रमन कुमार, सअनि शंभू कुमार झा एवं सशस्त्र पुलिस बल के साथ टॉवर चौक स्थित विवादित जमीन पर पहुंचे। पुलिस फोर्स और सीओ को देखते ही अजय नायक के पुत्र गौरव कुमार एवं अभिषेक कुमार ने लकड़ी कटर मशीन से सीओ रमन कुमार पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस के जवानों पर मिर्ची पाउडर फेंकना शुरू कर दिया। सरकारी वाहन पर पेट्रोल छिड़क दिया। कब्जाधारी का उग्र रूप देख सीओ रमन कुमार, सअनि शंभू कुमार झा एवं पुलिस बल किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
इस दौरान टॉवर चौक पर अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया था। उक्त घटना मंगलवार की शाम को घटी। सीओ के मुताबिक इसके पूर्व भी उक्त जमीनी विवाद सुलझाने गए तत्कालीन अंचलाधिकारी सुनील कुमार साह के साथ भी उक्त दोनों नामजद आरोपितों ने गाली-गलौज किया था। जिसकी सनहा भी थाना में दर्ज है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप