10 बोतल शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार
रेल थाना अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह के नेतृत्व में जंक्शन पर शुक्रवार को विभिन्न ट्रेनों में जांच अभियान चलाया गया।
मुजफ्फरपुर : रेल थाना अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह के नेतृत्व में जंक्शन पर शुक्रवार को विभिन्न ट्रेनों में जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 02562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में 10 बोतल शराब के साथ एक धंधेबाज गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मधुबनी जिले के नरेश कुमार को शराब के साथ पकड़ा गया है। इसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
64 लीटर चुलाई शराब बरामद, तीन पर प्राथमिकी
मद्यनिषेध विभाग से मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिकंदरपुर ओपी पुलिस करबला रोड से 64 लीटर चुलाई शराब बरामद की है। धंधेबाज इसे सिकंदरपुर मन किनारे एक मकान में छुपा कर रखा था। पुलिस ने शुक्रवार को नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें धंधेबाज आकाश कुमार, बबलू सहनी और कृष्णा चौधरी उर्फ बेलवा को आरोपित बनाया है। ओपी अध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने बताया कि नामजद तीनों धंधेबाजों की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है।
किराया मांगने पर महिला, उसकी बहन व पुत्र को पीटा
भगवानपुर में दुकान का किराया मांगने गई गोविदगंज बीबीगंज की शिव कुमारी देवी, उसकी बहन कुसुम देवी व पुत्र आदित्य रंजन की किरायेदार ने पिटाई कर दी। आदित्य का सिर फूट गया। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिव कुमारी ने सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें कांटी थाना के चैनपुर निवासी किरायेदार दिनेश साह उर्फ ननकी साह, पुत्र मुकेश साह और महेश साह को आरोपित बनाया है। बताया है कि भगवानपुर में भी मकान है। इसमें आरोपित दिनेश साह जेनरेटर से आसपास के लोगों को विद्युत आपूर्ति करता है। पिछले आठ माह का 48 हजार रुपये किराया उसने नहीं दिया है। पति मनोरंजन पासवान ने भी कई बार किराये का बकाया रुपया मांगा। लेकिन, वह टालमटोल कर रहा था। वह बहन व पुत्र के साथ किराया मांगने पहुंची तो आरोपितों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट की। थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह निराला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही है।