यूपी के गाजीपुर में करोड़ों की ठगी कर भागे संतोष यादव समेत दो का मुजफ्फरपुर से अपहरण, एक बदमाश भी दबोचा गया
Santosh Yadav Kidnapping: गाजीपुर के अंजली फाउंडेशन के नाम पर निवेशकों से करोड़ों ठगने वाले संतोष यादव और उसके साथी ...और पढ़ें

अपहरण मामले में सदर थाना पुलिस द्वारा जब्त कार । फोटो सौ : जागरण
HighLights
गाजीपुर के अंजली फाउंडेशन के संतोष यादव और साथी का अपहरण।
निवेशकों के करोड़ों रुपये ठगने के आरोप में था फरार।
मुजफ्फरपुर में अपहरण के दौरान स्थानीय लोगों ने किया विरोध।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। Anjali Foundation Gazipur: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर स्थित अंजली फाउंडेशन के नाम पर निवेशकों के करोड़ों रुपये ठगने और दफ्तर बंद कर फरार चल रहे संतोष कुमार यादव व उसके एक साथी का मुजफ्फरपुर के रामदयालु-भिखनपुरा इलाके से अपहरण कर लिया गया है।
हथियारबंद बदमाशों ने किया अगवा
स्कॉर्पियो समेत दो लग्जरी वाहनों में सवार होकर आए करीब 10 हथियारबंद बदमाशों ने दोनों को जबरन अगवा कर लिया। गाड़ी में बिठाए जाने के दौरान जब उन्होंने 'बचाओ-बचाओ' कहकर शोर मचाया, तो आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े।
साहस दिखाने पर तान दिए हथियार
स्थानीय लोगों ने भारी साहस दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया, जिसके बाद स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने लोगों पर हथियार तान दिए। इसके बावजूद सतर्क लोगों ने एक आरोपित को दबोच लिया।
अपने साथी के पकड़े जाने पर घबराए बदमाश तेज रफ्तार स्कॉर्पियो में संतोष और उसके साथी रतन कुमार को अगवा कर फरार हो गए।
गुस्साए लोगों ने की पिटाई
साथी के पकड़े जाने पर गुस्साए लोगों ने दबोचे गए आरोपित की जमकर धुनाई कर दी, जिससे इलाके में अफरातफरी और गहमागहमी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से आरोपित को सुरक्षित बचाकर हिरासत में ले लिया।
गाजीपुर में दर्ज हैं कई मुकदमे
सदर थाने पर लाकर जब उससे पूछताछ की गई, तो उसकी पहचान यूपी के देवेंद्र देवचंद सिंह यादव के रूप में हुई। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि संतोष यादव ने गाजीपुर और आसपास के जिलों के लोगों से करोड़ों रुपये का निवेश कराया था और फिर दफ्तर बंद कर फरार हो गया था।
इस मामले में उत्तर प्रदेश में एक दर्जन से अधिक प्राथमिकी दर्ज हैं और यूपी पुलिस इसकी लगातार जांच कर रही थी।
होटल से निकलते ही बने शिकार
इसी बीच कुछ निवेशक अपने स्तर से संतोष की तलाश में जुटे हुए थे। उन्हें सूचना मिली थी कि संतोष कच्ची-पक्की इलाके के एक होटल में ठहरा हुआ है।
जैसे ही वह होटल से बाहर निकला, रामदयालु-भिखनपुरा के समीप उसे अगवा कर लिया गया। फिलहाल सदर थाने की पुलिस उत्तर प्रदेश पुलिस के संपर्क में है और अपहृतों की बरामदगी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
भिखनपुरा इलाके से अंजली फाउंडेशन के संतोष कुमार यादव समेत दो लोगों को अपहरण करने का मामला प्रकाश में आया है। स्थानीय लोगों के सहयोग से एक आरोपित को पकड़ा गया है। जांच व पूछताछ में पता चला कि संतोष के द्वारा कम समय में धन दोगुना करने का लालच देकर काफी लोगों से निवेश कराया गया था। इसके बाद से राशि लेकर वह फरार है। मामले में यूपी में कई मामले दर्ज कराए गए हैं। जांच कर दोनों अपहृत की सकुशल बरामदगी के लिए कई जगहों पर कार्रवाई चल रही है।
