11 दिनों तक चलेगा आम्रपाली रंग महोत्सव, नृत्यांगना केउना चंद्रा पेश करेंगी कत्थक Muzaffarpur News
राष्ट्रीय रंगलोक संस्था की ओर से 23 जनवरी से शहर में होगा नाट्य समारोह। इस दौरान विदेशिया ऑक्समैन बापू मैं बोझ नहीं भविष्य हूं हम तो ऐसे ही हैं मुद्रा राक्षस जैसे नाटक होंगे।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। राष्ट्रीय रंगलोक संस्था की ओर से शहर में पहली बार 23 जनवरी से 11 दिनी नाट्य समारोह 'आम्रपाली रंग महोत्सव' का आयोजन होने जा रहा है। इसमें देश के विभिन्न प्रांतों से आईं नाट्य मंडलियों द्वारा नाटक की प्रस्तुति होगी। साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की नृत्यांगना केउना चंद्रा कत्थक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। ये जानकारी माड़ीपुर स्थित एक होटल में डॉ.संजय पंकज ने पत्रकारों को दी।
बताया कि समारोह के दौरान नाट्य विधा पर कार्यशाला व सेमिनार होगा। इसमें देश के चर्चित रंग निर्देशक शामिल होंगे। 11 दिनों तक प्रतिदिन शहर में विभिन्न रंग संस्थानों की ओर से नुक्कड़ नाटकों की भी प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम संयोजक सुमन वृक्ष ने बताया कि नाट्य समारोह के दौरान विदेशिया, ऑक्समैन, बापू, मैं बोझ नहीं भविष्य हूं, हम तो ऐसे ही हैं, मुद्रा राक्षस, निराला, मांस का रुदन, अगरबत्ती, श्राद्ध व मल्लाह टोली नाटकों की प्रस्तुति होगी। इसके लिए विभिन्न जगहों से नाट्य मंडली आ रही हैं। मौके पर सह संयोजक प्रमोद आजाद, सुदर्शन, नदीम खान, अविनाश तिरंगा आदि भी थे।