लोकतंत्र की रक्षा को मतदान में सभी लोगों की बढ़-चढ़कर भागीदारी जरूरी
प्रखंड कार्यालय स्थित टीपीसी भवन में आंगनबाड़ी सेविकाओं की हुई बैठक। मतदाता जारूकता को पोषक क्षेत्र में अभियान चलाए जाने पर दिया गया बल।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मधुबनी के राजनगर प्रखंड कार्यालय स्थित टीपीसी भवन में बाल विकास सेवा परियोजना से जुड़ी आंगनबाड़ी सेविकाओं की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सेविकाओं को संबोधित करते हुए सहायक समाहर्ता सह प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का प्राण वायु है। लोकतंत्र की रक्षा के वास्ते मतदान जरूरी है। सहायक समाहर्ता श्री गौरव ने 23 अप्रैल को होने जा रहे लोकसभा चुनाव में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित किए जाने का निर्देश सेविकाओं को दिया।
उन्होंने सेविकाओं को अपने - अपने पोषक क्षेत्र में सहायिकाओं के सहयोग से सघन जागरूकता अभियान चलाए जाने को कहा। बैठक को संबोधित करते हुए अधिसूचित बीडीओ आशुतोष कुमार ने कहा कि आधी आबादी की सहभागिता के बिना लोकतंत्र सफल नहीं हो सकता। मतदान के प्रति जागरूकता पैदा किए जाने को ले आप सभी जुट जाएं। संबोधित करते हुए नवदस्थापित सीडीपीओ ज्योति सिन्हा ने आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित रूप से संचालन किए जाने का निर्देश सेविकाओं को दिया। साथ ही आगामी चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाए जाने को ले जन जागरूकता अभियान चलाए जाने का भी निर्देश दिया।