Bihar Flood News: बोले कृषि मंत्री प्रेम कुमार- बाढ़ प्रभावित किसानों को सहायता देगी सरकार
Bihar Flood News सूबे के 16 जिलों की 70 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित। मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने फसल क्षति का आकलन कर रिपोर्ट भेजने का दिया आदेश।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। कृषि सह पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बाढ़ प्रभावित किसानों को फसल क्षति के लिए सहायता दी जाएगी। सूबे के 16 जिलों की 70 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में फसलों को भारी क्षति हुई। इसलिए संबंधित जिलों के जिला कृषि पदाधिकारी को फसल क्षति की रिपोर्ट डीएम के माध्यम से भेजने का निर्देश दिया गया है।
मंत्री सोमवार को परिसदन में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। कहा कि जिलों से मिली रिपोर्ट पर नियमानुसार कार्रवाई कर किसानों को सहायता दिलाई जाएगी। कहा कि मुझे तीन जिलों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के जायजा लेने की जिम्मेवारी मिली है। इसमें दरभंगा, पूर्वी और पश्चिम चंपारण है। इन जिलों में बाढ़ का कहर ज्यादा है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के लिए 1 लाख करोड़ की राशि स्वीकृत की है। इससे किसान कोल्ड चेन के निर्माण के साथ कृषि क्षेत्र में अन्य ढांचागत सुविधाओं का विकास कर सकते हैं। केंद्र ने हाल में किसान सम्मान योजना के तहत किसानों को दो-दो हजार रुपये का भुगतान किया है। इसके तहत सूबे के 72 लाख किसान लाभान्वित हुए। पश्चिम चंपारण में बाढ़ से 293 पंचायतों के किसान प्रभावित हैं। उन्होंने पशुपालन और मत्स्यपालन विभाग के अधिकारियों से बाढ़ से हुई क्षति की जानकारी ली।
जिला कृषि पदाधिकारी को फटकार
पूर्व मंत्री सह भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेणु देवी और बेतिया के विधायक मदन मोहन तिवारी मझौलिया के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के इलाज के लिए शिविर नहीं लगाने पर जिला पशुपालन पदाधिकारी विजय प्रकाश पर जमकर बिफरे। इसके बाद मंत्री ने जिला पशुपालन पदाधिकारी को फटकार लगाई। साथ ही व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।