अधिवक्ता ने की विधवा के अंतिम संस्कार की व्यवस्था, दाह संस्कार के बाद स्नान के क्रम में खुद डूबे...
मुजफ्फरपुर के मालीघाट कन्हौली मोहल्ले में एक विधवा की मौत होने परअधिवक्ता ने उसके अंतिम संस्कार की व्यवस्था की। दाह संस्कार के बाद स्नान के क्रम पैर फिसला। डूबने से मौत हो गई।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मालीघाट कन्हौली मोहल्ले में एक विधवा की मौत होने पर युवा अधिवक्ता ने उसके अंतिम संस्कार की व्यवस्था की। उसमें भाग भी लिया। दाह संस्कार के बाद सिकंदरपुर श्मशान घाट पर स्नान करने के दौरान युवा अधिवक्ता विशाल सिंह उर्फ गोपाल की डूबने से मौत हो गई। पैर फिसलने से अचानक गहरे पानी में चले जाने के बाद यह घटना घटी। वहां मौजूद लोगों को कुछ देर पता नहीं चला। जब अन्य लोगों की नजर उन पर पड़ी तो उन्हें बचाने का प्रयास किया गया। तब तक देर हो चुकी थी।
इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा। जहां से पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके स्वजनों को सौंप दिया। शाम में उनका भी सिकंदरपुर श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
यह हुई घटना : विशाल सिंह के बहनोई अजय तिवारी व जिला बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव सुशील कुमार सिंह ने बताया कि मोहल्ले में एक बुजुर्ग विधवा की मौत हो गई। उसका कोई स्वजन नहीं था। उसके अंतिम संस्कार की सारी व्यवस्था का खर्च विशाल सिंह ने ही किया था। शव यात्रा से लेकर सिकंदरपुर श्मशान घाट तक अंतिम संस्कार में रहे। इसके बाद यह हादसा हुआ।
सामाजिक कार्य में आगे रहते थे विशाल
गरीब लाचार व अन्य लोगों की मदद में विशाल सिंह आगे रहते थे। अपने कार्यो से वे मोहल्ला में काफी लोकप्रिय थे। इस हादसे से मोहल्ला में शोक की लहर फैल गई। निधन पर शोक : विशाल सिंह के निधन पर जिला बार एसोसिएशन ने अध्यक्ष नवल किशोर प्रसाद सिन्हा, उपाध्यक्ष डॉ. संगीता शाही, महासचिव प्रवीण कुमार, संयुक्त सचिव सुशील कुमार सिंह, अरुण कुमार सिंह, विभूतिनाथ झा, अंकेक्षक सुधीर कुमार ओझा, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार श्रीवास्तव व सहायक सचिव सुनील कुमार सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है।