मुजफ्फरपुर में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित पर जल्द होगी कार्रवाई, आइजी ने की जांच
Muzaffarpur news गांव पहुंचकर पीडि़त स्वजन से मिले आइजी पंकज सिन्हा पूरी घटना की ली जानकारी। जेल में बंद आरोपित को शीघ्र रिमांड पर लेने का दिया निर्देश। सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद सहम गया परिवार।
मुजफ्फरपुर (सरैया),जासं। जैतपुर ओपी क्षेत्र के एक गांव में सामूहिक दुष्कर्म मामले की शुक्रवार दोपहर आइजी पंकज सिन्हा ने जांच की। पीडि़त परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली। इसके बाद लड़की के घर के पीछे से गायब होने वाले रास्ते को भी देखा। मृतका की मां ने स्थानीय पुलिस पर शिथिलता का आरोप लगाया। घटना के 21 दिन बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने की बात कही। आइजी ने कहा कि मुख्य आरोपित वसीम को जल्द ही रिमांड पर लिया जाएगा। साथ ही धमकी मामले में कहा कि घटना को लेकर गांव में बनाए गए कैंप के पुलिस अधिकारी प्रतिदिन लगातार संपर्क बनाए रखेंगे।
जैतपुर ओपी प्रभारी व एसडीपीओ सरैया को भी प्रतिदिन संपर्क करने का निर्देश दिया। किसी प्रकार की असुविधा या धमकी देने पर पीडि़त परिवार को अधिकारियों को सूचित करने की बात कही। एसडीपीओ सरैया राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना के समय दो प्राथिमिकी अभियुक्तों के मोबाइल का लोकेशन दिल्ली में मिला है। इसपर आइजी ने जेल में बंद मुख्य आरोपित वसीम शीघ्र रिमांड पर लेकर पूछताछ करने का निर्देश दिया। उससे ही अन्य आरोपितों की घटना में संलिप्तता का पता चलेगा। उन्होंने एसडीपीओ व जैतपुर ओपी प्रभारी संजय स्वरूप आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
दहेज के लिए विवाहिता को जलाने का प्रयास
सकरा। थाना क्षेत्र के पचदही गांव में दहेज के लिए ससुरालवालों ने विवाहिता को केरोसिन छिड़ककर जलाने का प्रयास किया। हालांकि उसके शोर मचाने पर जान बच गई। पीडि़ता रितु कुमारी ने थाने में आवेदन दिया है। इसमें ससुरालीजनों पर प्रताडऩा का आरोप लगाया है। कहा है कि पचदही गांव के रोशन कुमार से उनकी शादी पांच साल पहले हुई थी। दहेज में पांच लाख रुपये मायके से लाने की मांग की जा रही है। इसे नहीं लाने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। ससुराल के लोग मुजफ्फरपुर में रहते हैं, जबकि वह गांव में रहती हैं। गुरुवार को ससुराल के लोग घर आए और पैसा लाने की बात कही। इससे इन्कार किया तो ससुर ने मारपीट की और केरोसिन छिड़क कर जलाने का प्रयास किया। उनके भागने व शोर मचाने पर ग्रामीणों ने जान बचाई। पुलिस जांच कर रही है।