मास्क व परिवहन नियमों का उल्लंघन करने पर चला डंडा, एक लाख 31 हजार की वसूली
मुजफ्फरपुर में अलग अलग जगहों पर मास्क नहीं लगाने वाले वाहन मालिकों को जुर्माने के साथ ही जागरूक भी किया गया। 18 वाहनों की जांच की गई जिसमें सात वाहनों से वसूला जुर्माना।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मास्क व परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने गुरुवार को भी अभियान चलाया। डीटीओ रजनीश लाल एवं एमवीआइ रंजीत कुमार ने चांदनी चौक, भगवानपुर समेत कई जगहों पर अभियान चलाया। अभियान में कई वाहन मालिक जुर्माने की जद में आए। वहीं दो ऑटो को जब्त कर थाने के हवाले किय गया।
18 वाहनों की जांच की गई जिसमें सात वाहनों से एक लाख 31 हजार की वसूली हुई। मास्क नहीं लगाने वाले वाहन मालिकों को जुर्माने के साथ ही जागरूक भी किया गया। परिवहन विभाग के इस अभियान से हड़कंप मचा रहा । डीटीओ ने मास्क नहीं लगाने व बिना मास्क के यात्री को बैठाने वाले जुर्माना करने के साथ ही सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। डीटीओ ने कहा कि अभियान लगातार चलेगा ।
साहेबगंज में मास्क नहीं पहनने वालों का काटा चालान
डीएम डॉक्टर चंद्रशेखर सिंह के आदेश पर कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर गुरुवार को अपर पश्चिमी एसडीओ पूजा प्रीतम साहेबगंज पहुंचीं। सबसे पहले साहेबगंज थाना पहुंचीं जहां मास्क नहीं पहनने वाले कुछ कॢमयों का चालान काटा। इसके बाद साहेबगंज मुख्य बाजार व हिम्मतपट्टी पहुंचीं जहां मास्क नहीं पहनने वाले दर्जनों बाइक सवारों व दुकानदारों का चालान काटा। सभी लोगों को दो-दो मास्क उपलब्ध कराए। वहीं दारोगा मो. रुस्तम ने अभियान चलाकर मास्क नहीं पहनने वाले लोगों को हिदायत दी।