तिरहुत स्नातक सीट से JDU के अभिषेक झा होंगे NDA समर्थित उम्मीदवार, 5 को करेंगे नामांकन
Bihar MLC Election Update: एनडीए ने बिहार विधान परिषद की तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव के लिए जदयू ...और पढ़ें

माड़ीपुर में आयोजित एनडीए की बैठक करते मंत्री विजय कुमार सिन्हा। जागरण
HighLights
एनडीए ने तिरहुत स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए एकजुटता दिखाई।
जदयू प्रत्याशी ई. अभिषेक झा को एनडीए का समर्थन मिला।
अभिषेक झा 5 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर में नामांकन करेंगे।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Tirhut Graduate Constituency MLC Election: बिहार विधान परिषद की तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव के लिए एनडीए ने एकजुटता का प्रदर्शन किया है।
रविवार को मुजफ्फरपुर के एक निजी होटल में आयोजित गठबंधन की बैठक में जदयू प्रत्याशी ई. अभिषेक झा की उम्मीदवारी पर सहमति बनी। बैठक में एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं ने उनका समर्थन किया।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
चुनावी अभियान को गति देने के लिए बैठक में संयुक्त रूप से रणनीति बनाई गई। इस मौके पर कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, चुनाव प्रभारी सिद्धार्थ पटेल, विधायक कोमल सिंह, अजय कुशवाहा, बेबी कुमारी, आदित्य कुमार और अजीत कुमार मौजूद रहे। इनके अलावा पूर्व सांसद अजय निषाद और पूर्व मंत्री रामसूरत राय भी शामिल हुए।
5 को नामांकन दाखिल
बैठक का संचालन भाजपा पूर्वी जिलाध्यक्ष विवेक कुमार ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्याशी अभिषेक झा 5 अक्टूबर को सुबह 11 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
नामांकन के बाद मुजफ्फरपुर क्लब मैदान में आशीर्वाद समागम का भव्य आयोजन किया जाएगा।
जीत का संकल्प जताया
एनडीए के नेताओं ने दावा किया कि इस चुनाव को जीतने के लिए गठबंधन पूरा दमखम लगाएगा। बैठक में जदयू जिलाध्यक्ष अनुपम कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी, लोजपा जिलाध्यक्ष चुलबुल शाही, रालोमो जिलाध्यक्ष रामेश्वर कुशवाहा और हम जिलाध्यक्ष संजर आलम सहित सभी पाँचों घटक दलों के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
