बाइकर्स बदमाशों के विरुद्ध अभियान, 60 बाइक जब्त
अपराध नियंत्रण के मद्देनजर बाइकर्स बदमाशों पर नकेल कसने के लिए गुरुवार को शहर के विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया।
मुजफ्फरपुर : अपराध नियंत्रण के मद्देनजर बाइकर्स बदमाशों पर नकेल कसने के लिए गुरुवार को शहर के विभिन्न इलाकों में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया। इस दौरान 60 बाइक जब्त की गई। इसमें अधिकतर ऐसे लोग थे जो बिना हेलमेट बाइक चला रहे थे। इस कारण नगर थाने गहमागहमी बनी रही।
नगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि वाहन जांच के दौरान 40 बाइक जब्त की गई। इन सभी के कागजात की जांच की गई। इसके बाद जुर्माना जमा करने के बाद सभी को छोड़ा गया। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि बिना हेलमेट के बाइक चलाने वालों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा। इसके अलावा मिठनपुरा, काजीमोहम्मदपुर, सदर, ब्रहमपुरा व अहियापुर थाना क्षेत्र में भी बाइक जांच की गई। इन सभी जगहों से 20 बाइक जब्त कर चालान काटा गया। इसके अलावा बैंकों व एटीएम के समीप भी पुलिस की सक्रियता रही। बैंकों के पास बिना काम के भीड़ लगाने वाले लोगों की तलाशी ली गई। हालांकि किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
जिला बार एसोसिएशन का
चुनाव 11 मार्च को
जिला बार एसोसिएशन का चुनाव 11 मार्च को होगा। इसकी घोषणा निर्वाची पदाधिकारी शंभूनाथ प्रसाद सिंह ने की। उन्होंने बताया कि गुरुवार को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन हो गया। मतदाता सूची में त्रुटि से संबंधित शिकायतें तीन फरवरी तक दर्ज कराई जाएगी। निर्वाची पदाधिकारी के निर्णय के विरुद्ध तीन सदस्यीय समिति के समक्ष 11 फरवरी तक चुनौती दी जा सकेगी। बार एसोसिएशन के सभी पदों पर 25 व 26 फरवरी को दिन के 11 बजे से दिन से शाम चार बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 28 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। तीन मार्च तक नाम वापस लिए जाएंगे। पांच मार्च को उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। 11 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होंगे। 12 मार्च की सुबह नौ बजे से मतगणना शुरू होगी और यह अंतिम परिणाम आने तक जारी रहेगी।