Muzaffarpur : मां को गाली दी तो नौवीं के छात्र ने गला रेत कर दी पड़ोसी महिला की हत्या
मुजफ्फरपुर के औराई की घटना। अपनी मां को गाली देने से आक्रोशित 16 वर्षीय किशोर ने एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। 16 वर्षीय हत्यारोपित किशोर गिरफ्तार कहा- मां को गाली देने से आजिज आकर उसने घटना को दिया अंजाम।
औराई (मुजफ्फरपुर), जासं। अपनी मां को गाली देने से आक्रोशित 16 वर्षीय किशोर ने एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। महिला थाना क्षेत्र के शाहीमीनापुर निवासी शशिभूषण शाही की 45 वर्षीय पत्नी माला देवी बताई गई है। घटना गुरुवार देर रात की है। पुलिस ने हत्यारोपित किशोर को हिरासत में ले लिया है। वह नौवीं कक्षा का छात्र बताया गया है।
शुक्रवार सुबह महिला का शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। छानबीन के दौरान महिला के घर के पीछे एक जूता मिला। वहां खून का निशान भी पाया गया। घर के पीछे वाले दरवाजे पर दूसरा जूता मिला। खोजबीन की गई तो महिला के पड़ोसी एक किशोर का हाथ कटा पाया गया। पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। बताया कि माला देवी बराबर मेरी मां को गाली देती थी और उनसे अभद्र व्यवहार करती थी।
इससे आजिज आकर उसने उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। शव के बगल में पघरिया हंसुआ रखा था जिससे माला देवी की हत्या की गई थी। इलाके के चौकीदार सोनफी पासवान ने बताया कि महिला का पति पैक्स गोदाम पर सोता है। पत्नी अकेली घर में रहती थी। शशिभूषण शाही से उसकी यह दूसरी शादी थी। उसके दो पुत्र सोनू और मोनू दिल्ली में नौकरी करते हैं। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम आ रही है। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा जाएगा।