दरभंगा सोना लूटकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, 1.5 किलो सोना, 30.89 लाख कैश व 72 पीस हीरा बरामद
Darbhanga Gold Robbery Case दरभंगा सोना लूटकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी 1.5 किलो सोना 30.89 लाख कैश व 72 पीस हीरा बरामद। 09 दिसंबर को दिन-दहाड़े दरभंगा के बड़ा बाजार स्थित अलंकार ज्वेलर्स से हुई थी 11.5 किलो सोना की लूट।
दरभंगा, जागरण संवाददाता। सूबे के बहुचर्चित दरभंगा के बड़ा बाजार स्थित अलंकार ज्वेलर्स से हुई करोड़ों के सोना व हीरा लूट के मामले में पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस ने 1.5 किलो सोना, 72 पीस हीरा और 30.89 लाख नकद रुपये जब्त किए हैं। मामले में कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम ने शनिवार को बताया कि घटना के बाद से पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इस क्रम में गिरोह के सरगना विकास झा समेत कई लोग पहले जेल भेजे जा चुके हैं।
विकास झा ने यह बताया था कि घटना को अंजाम देने में समस्तीपुर के बदमाश शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने जांच कर समस्तीपुर निवासी तरूण साह के घर पर छापेमारी की। उसे गिरफ्तार किया गया। उसके घर से 72 पीस लूट का हीरा बरामद किया गया। तरूण ने पूरी जानकारी दी। इस आधार पर समस्तीपुर के मनोज राय, लक्ष्मण राय और प्रिंस कुमार के घर पर भी छापेमारी की गई। इस दौरान प्रिंस और मनोज राय के घर से लूट का सोना और कैश बरामद किया गया। लूट का माल छिपाने के आरोप में इनके स्वजनों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तरूण ने पुलिस को बताया था कि लूट के सोना में से 1850 ग्राम सोना 47 लाख में बेगूसराय के एक सोनार से बेचा गया था। इस आधार पर पुलिस ने वहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया है और 400 ग्राम गलाया हुआ सोना जब्त किया गया है। इसके अतिरिक्त समस्तीपुर के दलसिंहसराय स्थित एके ज्वेलर्स से 60 ग्राम लूट का सोना बरामद किया गया है। पुलिस ने ताजा कार्रवाई में कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम लगातार लूट का सोना बरामद करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।दरभंगा वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम का कहना है कि घटना तिथि से लगातार पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इस बीच मुंगेर से विकास झा की गिरफ्तारी हुई। उसकी निशानेदही पर समस्तीपुर और बेगूसराय में पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान दरभंगा से लूटा गया करीब 1.5 किलो सोना। 72 पीस हीरा और 30.89 लाख कैश बरामद किया गया है। कुल ग्यारह लोग गिरफ्तार किए गए हैं। कार्रवाई जारी है।
6 दिसंबर को भी जमा हुए थे बदमाश, समस्तीपुर का तरूण था योजना में शामिल
एसएसपी ने साफ किया कि घटना को अंजाम देने की योजना बनाने में समस्तीपुर का शातिर तरूण भी शामिल था। लूट की घटना को 6 दिसंबर 2020 को ही अंजाम दे देना था। लेकिन, उस दिन बदमाश सफल नहीं हो सके। 9 दिसंबर को लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी समस्तीपुर स्थित तरूण के घर गए। उसी के घर पर लूट के माल का आपस में बंटवारा किया और सभी अलग हो गए थे।
यह है घटनाक्रम
बता दें कि 9 दिसंबर 2020 को दिन-दहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने शहर के चर्चित दगरू सेठ की थोक इकाइ बड़ा बाजार स्थित अलंकार ज्वेलर्स से करीब 11.5 किलो सोना, हीरा और नकद लूट लिया था। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए भाग निकले थे। तब से पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
- महीने भर की कड़ी मेहनत और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस को मिली सफलता, गिरफ्तार लोगों में समस्तीपुर और बेगूसराय के शातिर शामिल
- घटना को अंजाम देने के बाद समस्तीपुर के तरूण साह के यहां रूके थे सभी बदमाश, वहीं हुआ था लूट के माल का बंटवारा, लूट का माल छिपाने के आरोप में शातिर बदमाशों के घरवाले भी गिरफ्तार
- बेगूसराय में बदमाशों ने 47 लाख में बेचा था 1850 ग्राम सोना, पुलिस खरीदार को दबोचा, 400 ग्राम गलाया हुआ सोना यहां से भी मिला, समस्तीपुर के दलसिंहसराय स्थित एके ज्वेलर्स के यहां से मिला 60 ग्राम सोना