पश्चिम चंपारण के चौतरवा में मजदूर की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया, एक आरोपित गिरफ्तार
पश्चिम चंपारण के चौतरवा थाना क्षेत्र की घटना। ईंट भट्ठा मजदूर की गला दबाकर हत्या कर दी गई। यूपी के पीलीभीत का निवासी था ससुर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। बगहा पुलिस जिले के चौतरवा थाना क्षेत्र स्थित कोल्हुआ चौतरवा गांव में एक ईंट भट्ठा मजदूर की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को पेड़ से लटका दिया गया। मजदूर गंगादीन उत्तरप्रदेश के पीलीभीत का था। पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। साथ ही एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ जारी थी।
घटना की बाबत मजदूर के ससुर यूपी के शाहजहांपुर निवासी रामकुमार ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें कोल्हुआ चौतरवा गांव निवासी भोला मियां को नामजद किया है। बताया कि गंगादीन कोल्हुआ चौतरवा निवासी ग्यासुरहमान के ईट भट्ठा पर ईंट बनाता था। रविवार रात घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। एक बजे रात देखा कि उसकी पुत्री व गंगादीन की पत्नी रिंकी देवी आवास पर नहीं है। उसकी खोज की गई।
इसी क्रम में देखा कि ईंट भट्ठा से कुछ ही दूरी पर कच्ची सड़क के किनारे कदम के पेड़ से एक युवक का शव लटका है। उसकी पहचान गंगादीन के रूप में कई गई। टॉर्च की रोशनी में देखा कि कुछ ही दूरी पर भोला मियां खड़ा था। गंगादीन सास, ससुर व पत्नी के साथ रह कर ईंट भट्ठा पर काम करता था। थानाध्यक्ष विनय मिश्र ने कहा कि आरोपित भोला मियां को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।