Move to Jagran APP

Mahashivratri : आज होगी मटकोर पूजा, गूजेंगे विवाह गीत

Mahashivratri महाशिवरात्रि कल कई जगहों से निकलेगी शिव बरात तैयारी पूरी। 50वें साल गोला रोड स्थित श्रीरामभजन संकीर्तन आश्रम से निकाली जाएगी भव्य शिव बरात।

By Ajit KumarEdited By: Published: Thu, 20 Feb 2020 07:46 AM (IST)Updated: Thu, 20 Feb 2020 07:46 AM (IST)
Mahashivratri : आज होगी मटकोर पूजा, गूजेंगे विवाह गीत
Mahashivratri : आज होगी मटकोर पूजा, गूजेंगे विवाह गीत

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। शिव आराधना का पर्व महाशिवरात्रि में अब केवल एक दिन शेष है। शुक्रवार को महाशिवरात्रि है। इस अवसर पर शहर में विभिन्न जगहों से भव्य झांकी शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारी जोर-शोर से चल रही है। पूर्व दिवस पर गुरुवार शाम विधि-विधान से मटकोर पूजन होगा। विवाह गीत भी गाए जाएंगे। गोला रोड स्थित श्रीरामभजन संकीर्तन आश्रम में इस बार 50वें साल भव्य शिव बरात निकाली जाएगी।

loksabha election banner

बुधवार को संयोजक पूर्व विधायक केदारनाथ प्रसाद ने मीडिया से मुखातिब होकर बताया कि इस बार 50वें साल महाशिवरात्रि पर गोला रोड स्थित श्रीराम भजन संकीर्तन आश्रम से भव्य झांकी शोभा यात्रा निकलेगी। स्वर्ण जयंती समारोह होगा। ग्यारह फीट ऊंची बाबा के दरबार की झांकी सजेगी। झांकी भ्रमण मार्ग में 12 विशाल तोरण द्वार के अलावा 108 गेट बनाए जा रहे हैं।

महोत्सव में बाबा के विवाह पर शास्त्रों में वर्णित बरातियों के सच्चे स्वरूप का दर्शन कराए जाएंगे। इसमें हाथी, घोड़ा, ऊंट व बसहा के साथ-साथ कई अलौकिक झांकियों के दर्शन होंगे। शुक्रवार को दोपहर दो बजे रामभजन बाजार स्थित झांकी सज्जा घर से निकलने के बाद गोला रोड, दुर्गा स्थान, ब्राह्मण टोली, सोनारपट्टी, पुरानी बाजार, छोटी कल्याणी, हरिसभा चौक आदि मार्गों से होते हुए बाबा के दरबार में लौटेगी। इसमें सभी धर्मावलंबियों का पूरा सहयोग रहेगा। जिला व नगर प्रशासन सहित नगर के सभी कलाकार, छायाकार, रंगकर्मी, व्यवसायी, छात्र-नौजवान आदि अपना सहयोग देते हैं।

अखंड रामायण पाठ होगा

बाबा गरीबनाथ मंदिर व रामदयालु स्थित बाबा मनोकामना सिद्ध महादेव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में शिव विवाह की पूर्व संध्या पर गुरुवार को मटकोर पूजन होगा। इसके पूर्व गन्नीपुर स्थित बाबा आनंद भैरवनाथ मंदिर में सुबह दस बजे से श्रीरामधुन अष्टयाम और अखंड रामायण पाठ शुरू होगा। मंदिर के व्यवस्थापक पं.अंबरीश शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को महाशिवरात्रि के दिन प्रत्येक प्रहर महारुद्राभिषेक होगा। दोपहर एक बजे झांकी शोभा यात्रा निकलेगी। रात आठ बजे से शिव विवाह कीर्तन होगा। महाशिवरात्रि पर अखंड भंडारा भी चलेगा। इसमें सैकड़ों लोग महाप्रसाद ग्रहण करेंगे।

मलंग स्थान से भी निकलेगी शिव बारात

रामदयालु स्थित मलंग स्थान में बुधवार को सत्यनारायण पूजन व हनुमंत ध्वजारोहण किया गया। पं.काशीनाथ झा ने बताया कि गुरुवार को 24 घंटे का अष्टयाम संकीर्तन शुरू होगा। अगले दिन इसकी पूर्णाहुति के बाद शिव बरात निकलेगी। इसमें बाबा भोलेनाथ व विभिन्न देवी-देवताओं सहित हाथी-घोड़ा, भूत-पिशाच आदि शामिल होंगे। रात में शिव विवाह का आयोजन होगा। बरात की तैयारी में मंदिर कमेटी 23वें साल पूरे जोर-शोर से लगी है।

अन्य जगहों पर भी चल रही तैयारी

उधर, बावनबीघा स्थित बाबा नर्मदेश्वरनाथ मंदिर, कालीबाड़ी रोड स्थित मां काली वैष्णो देवी मंदिर, जूरन छपरा स्थित मां महामाया स्थान व भगवानपुर के यादव नगर स्थित शिव मंदिर सहित विभिन्न जगहों पर भी झांकी शोभा यात्रा निकाले जाने की तैयारी चल रही है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.