बोले नगर विकास व आवास मंत्री, शहर की सभी सड़कों का चरणबद्ध तरीके से हो रहा निर्माण Muzaffarpur News
दो या उससे अधिक वार्डों को जोडऩे वाली जितने भी प्रमुख सड़कें हैं उनकी सूची बनाने का निर्देश।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। वार्ड 28 में दामुचक प्रोफेसर कॉलोनी से मुख्य पथ में पीसीसी सड़क एवं नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास नगर विकास व आवास मंत्री सुरेश शर्मा ने किया। इस पर नगर विकास विभाग के एक करोड़ 29 लाख 21 हज़ार की राशि खर्च होगी। वहीं वार्ड 33 में सतपुरा रामविलास साह के घर से लोहार टोला होते हुए भाया जगदेव महतो के घर मिल्की टोला धनुसर टोला होते हुए कामेश्वर बिहार तक पथ एवं नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। यहां एक करोड 82 लाख की राशि खर्च होगी।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा है कि मुजफ्फरपुर की सभी सड़कों का चरणबद्ध तरीके से जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि दो वार्डों को जोडऩे वाली या उससे अधिक को जोडऩे वाली जितने भी प्रमुख सड़कें हैं उनकी सूची बनाई जाए। ऐसी सड़कों को जो कि अभी राज्य योजना में शामिल नहीं किए गए हैं उन सभी को राज्य योजना के द्वारा जीर्णोद्धार करवाया जाएगा। विभागीय अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों को समय-समय पर योजनाओं की जांच करने का आदेश दिया गया है। मौके पर पार्षद राजीव कुमार पंकु,गीता देवी, रंजू सिन्हा,रेशमी आरा, मोहम्मद अब्दुल्ला, रामविलास सहनी, अशोक कुमार आदि मौजूद थे।