अहियापुर में प्रॉपर्टी डीलर को मारी गोली, चेन छीनकर भागे बदमाश
अहियापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर सिपाहपुर के समीप शुक्रवार की शाम चार बजे बाइक सवार अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर संतोष कुमार को गोली मार दी।
मुजफ्फरपुर : अहियापुर थाना क्षेत्र के राघोपुर सिपाहपुर के समीप शुक्रवार की शाम चार बजे बाइक सवार अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर संतोष कुमार को गोली मार दी। उसके गले से करीब एक लाख रुपये के सोने की चेन छीन ली। स्थानीय लोगों ने पीछा किया, लेकिन बाइक सवार दोनों बदमाश भाग निकले। घायल को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद अहियापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर जंाच-पड़ताल की। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस पूछताछ में बताया गया कि अहियापुर सहबाजपुर के संतोष घर से बेटी काजल व मुस्कान को बुलेट पर लेकर बड़ा जगन्नाथ स्थित कोचिंग सेंटर में पहुंचाने जा रहे थे। इसी क्रम में राघोपुर सिपाहपुर के समीप काले रंग की बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर घेर लिया। इसके बाद उनपर गोलियां चला दी। एक गोली उनके दाहिने हाथ में लगी। बुलेट को गिराकर वे जान बचाने को भागने लगे। इसी क्रम में बदमाशों ने पीछे से उनके गले से सोने की चेन छीन ली। प्रॉपर्टी डीलर ने घटना को साजिश के तहत अंजाम देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि दोनों बदमाशों की उम्र करीब 35 वर्ष होगी।
घटना के बाद दहशत में परिजन : घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन एसकेएमसीएच पहुंचे। पिता के साथ हुई घटना पर दोनों बेटियां सहम गई है। वे दोनों दहशत में है। परिवार के अन्य सदस्य भी घटना को लेकर चिंतित है।