अपराधियों ने घर पर महिला को मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस Muzaffarpur News
महिला की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र निवासी असगरी बेगम के रूप में की गई है। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी भाग निकलने में सफल रहे। उन्हें पेट मे गोली लगी है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले में बेखौफ अपराधियो का उत्पात जारी है। इस क्रम में बदमाशों ने एक महिला को गोली मारकर घायल कर दिया। महिला की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सलेमपुर निवासी असगरी बेगम के रूप में की गई है। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी भाग निकलने में सफल रहे। गंभीर रूप से घायल अवस्था में महिला को परिजनों ने आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उनका इलाज जारी है। उन्हें पेट मे गोली लगी है।
बताया गया कि वह बुधवार की देर रात अपने घर में बैठी थी। इसी दौरान बदमाशो ने उन्हें गोली मार दी। अब तक पुलिस बयान दर्ज नहीं कर सकी है। घटना की जानकारी के बाद स्थानीय थाना की पुलिस ने मामले की जांच की और आवश्यक जानकारी ली। घटना के बाद महिला के घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। पुलिस के अनुसार, अभी घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। घायल महिला के द्वारा बयान देने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बहरहाल पुलिस कई बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, जल्द ही घटना के कारणों का पता चल जाएगा। साथ ही इसमें संलिप्त बदमाशों की पहचान कर ली जाएगी। बता दें कि बुधवार ही शाम सरेराह एक युवक को गोली मार दी गयी थी। उसका भी इलाज चल रहा है। अब तक आरोपित फरार है। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया है। पुलिस की कार्रवाई सिफर साबित हो रही है।