चिराग पासवान ने कहा- देशहित में मोदी के नाम पर दें वोट
लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सांसद चिराग पासवान ने कांटी के रातल मैदान में एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को किया संबोधित।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। देश की एकता,अखंडता व सर्वांगीण विकास के लिए जनता एकबार फिर मोदी सरकार को मौका देने का निर्णय ले चुकी है। उक्त बातें सोमवार को लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सांसद चिराग पासवान ने कांटी के रातल मैदान में एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व पटल पर सशक्त देश के रूप में पहचान दिलाई है।
चिराग ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि जिस तरह मोदी व नीतीश सरकार ने सबका साथ, सबका विकास के नारे के साथ सभी वर्गों के लिए काम किया है, उसी तरह जाति व पार्टी से ऊपर उठकर देशहित में मोदी के नाम पर मतदान करें। उन्होंंने लोजपा उम्मीदवार वीणा देवी को वोट देकर मोदी के नेतृत्व में फिर से मजबूत सरकार बनाने की अपील की। सभा मेे सामाजिक चेतना मंच की ओर से चुलबुल शाही, सुदर्शन मिश्र आदि नेताओं ने 51 किलो का माला पहनाकर चिराग का स्वागत किया।
अध्यक्षता प्रभु पासवान ने की। संचालन जदयू अध्यक्ष सौरभ कुमार साहेब किया। संबोधित करने वालों में विधायक अशोक चौधरी, विधान पार्षद दिनेश सिंह, प्रत्याशी वीणा देवी, लोजपा जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, प्रो राजेंद्र पांडेय, मुखिया शशि ठाकुर, पप्पू कुशवाहा, विनय कुमार आदि थे।
धर्म व देश की रक्षा को लेकर मोदी को दें वोट : गिरिराज
सरैया प्रखंड के पोखरैरा में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि धर्म- संस्कृति व देश की रक्षा को लेकर मोदी को वोट दें। स्थानीय स्तर पर गिले शिकवे को भूलते हुए देश की रक्षा को लेकर एनडीए के पक्ष में मतदान करें। देश का भविष्य नरेंद्र मोदी के हाथ में सुरक्षित है। वे पोखरैरा पंचायत के पूर्व मुखिया सदानंद सिंह के आवास पर ब्रह्मर्षि समाज के लोगों को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व मंत्री का अभिनंदन पूर्व मुखिया सदानंद सिंह, विहिप नेता सतीश ठाकुर, रामनवमी चौधरी, श्याम सिंह, राजन कुमार, सुभाष सिंह आदि ने किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप