दिल्ली निजामुद्दीन मरकज से आए 126 की हुई पहचान, तीन की जांच
कोरोना संदिग्ध को लेकर हाई रिस्क जोन में शामिल दिल्ली निजामुदीन मरकज व तब्लीगी जमात के लोग सिरदर्द बने हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग को इस बात का खतरा है कि अगर एक भी पॉजिटिव केस मिला तो फिर नियंत्रण में कठिनाई होगी।
मुजफ्फरपुर। कोरोना संदिग्ध को लेकर हाई रिस्क जोन में शामिल दिल्ली निजामुदीन मरकज व तब्लीगी जमात के लोग सिरदर्द बने हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग को इस बात का खतरा है कि अगर एक भी पॉजिटिव केस मिला तो फिर नियंत्रण में कठिनाई होगी। इस बीच सकरा इलाके के एक मदरसे से 12 लोगों को निकाला गया। ये सब यहां पर ठहरे हुए थे। पुलिस की मदद से स्वास्थ्य विभाग की टीम उनको लेकर एसकेएमसीएच पहुंची। सभी दरभंगा, मधुबनी सहित अन्य जिले के बताए गए हैं जहां पर देर शाम तक नमूना संग्रह किया गया। इस बीच आज राज्य मुख्यालय की ओर से तबलीग जमात यानी डीजे के 86 संदिग्ध की सूची भेजी गई। इस सूची में दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर उनकी पहचान करनी है। इस बीच आने वाले दिनों में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए सेवानिवृत्त सैनिक व चिकित्सक व चिकित्सा कर्मियों की सेवा की अपील सीएस ने की। उन्होंने कहा कि वैसे लोगों का पैनल भी तैयार किया जाएगा। इधर, परदेस से आए 8 हजार 6 सौ 53 लोगों के घर तक स्वास्थ्य विभाग की टीम जाकर स्वास्थ्य जांच की तथा उनको होम क्वारंटाइन पर रहने का आदेश दिया गया। आशा उनके उपर निगरानी करेगी।
निजामुद्ीन मरकज से आए 126 की पहचान : राज्य सरकार से मिली निजामुदीन मरकज व उसके आसपास के इलाके के 428 लोगों की सूची की पड़ताल की गई। इसमें से 126 लोगों के मोबाइल पर संपर्क हुआ। उनका पता चल गया। इसमें से वर्तमान में 26 लोग जिले में उपलब्ध हैं। एक की पूर्व में कोरोना की जांच हुई है। वह निगेटिव मिला है। इसमें से ही 64 लोगों ने मोबाइल पर बताया कि वे राज्य से बाहर हैं। सात का मोबाइल पर संपर्क नहीं हो पाया। तीन लोगों की स्क्रीनिंग की गई। सिविल सर्जन डॉ.एसपी सिंह ने बताया कि सभी पीएचसी प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि वह अपने-अपने इलाके में सूची के हिसाब से संपर्क करने के बाद वहां आशा व अन्य मेडिकल कर्मी के माध्यम से उसके घर का पता लगाकर स्वास्थ्य की देखरेख करें। पूरी सख्ती के साथ होम क्वारंटाइन नियम का पालन कराया जाए।
152 में 132 की रिपोर्ट आई सभी निगेटिव, 123 की स्क्रीनिग : एसकेएमसीएच के अधीक्षक डॉ.सुनील शाही ने बताया कि शुक्रवार को 15 नमूना संग्रह किया गया। अब तक आरएमआरआइ पटना को 152 नमूना भेजा गया था। इसमें से 132 की रिपोर्ट आई है। सभी निगेटिव पाए गए हैं। इस बीच एसकेएमसीएच में 73 लोगों की तथा सदर अस्पताल में 50 लोगों की स्क्रीनिग की गई। सभी को होम क्वारंटाइन पर रहने का आदेश दिया गया।