विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर के मुशहरी आश्रय गृह से 10 बच्चे फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

By Uma Shankar Edited By: Dharmendra Singh
Published: Mon, 11 May 2026 08:16 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के मुशहरी स्थित वृहद आश्रय गृह से रविवार रात 10 बच्चे फरार हो गए, जिससे महकमे में हड़कंप मच ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई। (फोटो)

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई। (फोटो)

HighLights

  1. मुशहरी आश्रय गृह से 10 बच्चे फरार हुए।

  2. सीसीटीवी खराब, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे।

  3. फरार बच्चों में चार मूक-बधिर शामिल हैं।

संवाद सहयोगी, मुशहरी (मुजफ्फरपुर)। मुशहरी थाना क्षेत्र के नरौली स्थित वृहद आश्रय गृह से रविवार देर रात 10 बच्चे फरार हो गए। सुबह इसकी जानकारी मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया।

छानबीन में प्रथम तल पर एक खिड़की की छड़ गायब मिली। आशंका जताई जा रही है कि इसी छड़ को खिसकाकर पाइप के सहारे नीचे उतरकर बच्चे भाग निकले। आश्रय गृह का सीसीटीवी खराब होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना की सूचना मिलने पर बीडीओ चंदन कुमार, मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता और डीजीएम भवन निर्माण मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाल गृह के अधीक्षक अविनाश डे से पूरी जानकारी ली।

अविनाश डे ने बताया कि इस बाल सुधार गृह में वर्तमान में 46 बच्चे थे। रविवार रात लगभग एक बजे तक सभी बच्चे मौजूद थे। बच्चों की सुरक्षा के लिए होमगार्ड जवान और रात्रि प्रहरी तैनात रहते हैं।

जांच में यह भी पता चला कि वृहद आश्रय स्थल नरौली में लगा सीसीटीवी कार्य नहीं कर रहा था। एसडीपीओ पूर्वी-2 ने थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता को टीम बनाकर बच्चों की खोज के लिए सघन तलाशी करने का निर्देश दिया।

नरौली चौक पर देखे गए बच्चे 

पुलिस ने बच्चों की खोजबीन के लिए नरौली चौक के आसपास की दुकानों और घरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। देर रात कुछ बच्चों को नरौली चौक पर देखा गया है।

बाल सुधार गृह के अधीक्षक अविनाश डे ने बताया कि भागे 10 बच्चों में चार मूक बधिर हैं। इन बच्चों का विवरण वायरलेस पर सभी थानों व इंटरनेट मीडिया पर प्रचारित किया गया है। मामले में अधीक्षक के आवेदन पर 10 बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता ने इसकी पुष्टि की है।

एक बच्चा बार-बार नेपाल घूमने की कहता था बात 

आश्रय स्थल के सूत्रों ने बताया कि भागे बच्चों में एक बार-बार नेपाल घूमने की बात कहता था। अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी तुषार कुमार ने बताया कि बच्चे ज्यादा दूर नहीं गए होंगे। उनकी तलाश की जा रही है। आश्रय स्थल की सुरक्षा में खामियों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।