Bihar Crime : एक लाख रुपये की इनामी नार्थ जोन की हार्डकोर महिला माओवादी विनीता भारती गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक लाख रुपये की इनामी हार्डकोर महिला माओवादी विनीता भारती को बेगूसराय से गिरफ्तार किया है। वह नार्थ जोन की सक्रिय सदस्य थी और कई आपराधिक मामलों में वांछित थी।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
एक लाख रुपये की इनामी महिला माओवादी विनीता भारती गिरफ्तार।
नार्थ जोन की हार्डकोर माओवादी, कई मामलों में वांछित थी।
बेगूसराय से संयुक्त पुलिस टीम ने छापेमारी कर दबोचा।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। विशेष पुलिस टीम ने एक लाख रुपये की इनामी महिला माओवादी विनीता भारती उर्फ स्वेता उर्फ अनिता उर्फ प्रतिमा उर्फ कल्पना को बेगूसराय से गिरफ्तार किया है।
वह नार्थ जोन की हार्डकोर माओवादी रही है। मूल रूप से वह दरभंगा जिले के बहेरी थाना क्षेत्र के लालपुर शिवराम की रहने वाली है। लेकिन स्थाई तौर पर वह मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के महुली में रह रही थी।
लेकिन गिरफ्तारी से बचने को लगातार ठिकाना बदल रही थी। ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने सोमवार की शाम प्रेस कांफ्रेंस में महिला माओवादी की गिरफ्तारी की जानकारी दी।
बताया गया कि एसएसपी के निर्देश पर जिले में वांछित एवं फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना में 2017 में दर्ज एक मामले में वांछित महिला माओवादी विनीता भारती उर्फ स्वेता उर्फ अनिता उर्फ प्रतिमा उर्फ कल्पना की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही थी।
उक्त महिला माओवादी भाकपा माओवादी संगठन से जुड़ी है। बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से उसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
इसी बीच प्राप्त आसूचना के आधार पर मुजफ्फरपुर जिला बल, एसटीएफ एसओजी तीन बेगूसराय, अभियान दल-आठ एवं बेगूसराय जिला बल की संयुक्त टीम द्वारा आपसी समन्वय एवं संयुक्त प्रयास से छापेमारी अभियान चलाया गया।
इसी दौरान बेगूसराय जिला अंतर्गत बछौली गांव स्थित काली मंदिर के समीप से एक लाख रुपये की इनामी महिला माओवादी विनीता भारती उर्फ स्वेता उर्फ अनिता उर्फ प्रतिमा उर्फ कल्पना को गिरफ्तार किया गया।
उसके पूछताछ में माओवादी संगठन से जुड़े अन्य माओवादियों के बारे में भी जानकारी मिली है। पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर कई जगहों पर छापेमारी कर रही हैं।