जमालपुर-रतनपुर के बीच नई सुरंग में मिला युवक का शव; सिर पर चोट के निशान से हत्या की आशंका, मुंगेर पुलिस जांच में जुटी
Jamalpur Railway Tunnel Crime : जमालपुर-रतनपुर रेलखंड पर नई सुरंग में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल ...और पढ़ें

Jamalpur Railway Tunnel Crime : जमालपुर-रतनपुर स्टेशन के बीच स्थित रेलवे की नई सुरंग, जहां नाली में संदिग्ध स्थिति में मिला का शव
HighLights
जमालपुर-रतनपुर नई रेलवे सुरंग में मिला अज्ञात युवक का शव।
सिर पर गंभीर चोट के निशान, पुलिस को हत्या की आशंका।
रामनगर पुलिस ने जांच शुरू की, पहचान के प्रयास जारी।
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। Jamalpur Railway Tunnel Crime : जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर जमालपुर और रतनपुर रेलवे स्टेशन के बीच स्थित रेलवे की नई सुरंग में मंगलवार को करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव सुरंग के अंदर ट्रैक के किनारे बनी नाली में संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ था।
घटना की जानकारी सबसे पहले रेलवे ट्रैक की गश्त कर रहे गैंगमैन उमेश कुमार को मिली। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना जमालपुर स्टेशन प्रबंधक दीपक कुमार को दी। स्टेशन प्रबंधक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) को लिखित मेमो भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
सिर पर चोट के निशान, प्रथमदृष्टया हत्या की आशंका
मेमो मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर सुजीत कुमार यादव और जीआरपी थानाध्यक्ष स्वराज कुमार दलबल के साथ नई सुरंग पहुंचे और बारीकी से घटनास्थल की छानबीन की। प्राथमिक जांच के दौरान मृतक के सिर पर गहरे जख्म और चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं।
शव जिस तरह सुरंग की नाली में पड़ा था और सिर पर जो चोटें थीं, उसे देखकर पुलिस मान रही है कि यह सामान्य रेल दुर्घटना या ट्रेन से गिरने का मामला नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं अन्यत्र हत्या कर शव को साक्ष्य छिपाने की नीयत से सुरंग के भीतर नाली में ठिकाने लगाया गया है या सुरंग के अंदर ही किसी भारी वस्तु से वार कर वारदात को अंजाम दिया गया है।
रामनगर थाना क्षेत्र में आता है घटनास्थल, पुलिस जांच में जुटी
घटनास्थल का भौगोलिक क्षेत्र रामनगर थाना अंतर्गत आने के कारण आरपीएफ और जीआरपी अधिकारियों ने इस संबंध में विस्तृत ब्योरा देने से इनकार किया और मामले को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय रामनगर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। रामनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट का मिलान कर मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पहचान होने के बाद ही मौत के सही कारणों और घटना के पीछे के रहस्य से पर्दा उठ सकेगा।
