अल्बेस्टर के विवाद में बेटे का खूनी वार! पिता पर कुल्हाड़ी से हमला, मुंगेर में कलाई के पास से कटा हाथ, हालत गंभीर
मुंगेर के भिखाकिता गांव में अल्बेस्टर को लेकर हुए मामूली विवाद में बेटे ने पिता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला ...और पढ़ें

धरहरा अस्पताल में भर्ती जख्मी. जागरण
HighLights
मुंगेर में अल्बेस्टर विवाद पर बेटे ने पिता पर हमला किया।
कुल्हाड़ी के वार से पिता का बायां हाथ कलाई से कटा।
घायल पिता मन्नू मांझी अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर।
संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। मुंगेर जिले के लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र स्थित भिखाकिता गांव में सोमवार को अल्बेस्टर (एसबेस्टस शीट) के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ मामूली पारिवारिक विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया।
आरोप है कि अपने ही कलयुगी बेटे ने पहले पिता पर ईंट से हमला किया और फिर घर के भीतर से कुल्हाड़ी निकालकर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस जानलेवा हमले में पिता का बायां हाथ कलाई के पास से बेहद गंभीर रूप से कट गया।
परिजनों ने लहूलुहान हालत में उन्हें धरहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए मुंगेर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घायल मन्नू मांझी ने गांव के ही एक व्यक्ति नेगरा को अपना अल्बेस्टर दिया था। सोमवार को जब वह उसे वापस मांगने पहुंचे, तो विवाद की शुरुआत हुई।
मुंगेर जिले के लड़ैयाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखाकिता गांव में अल्बेस्टर वापस मांगने को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद
आरोप: बड़े बेटे तूफानी मांझी ने पिता मन्नू मांझी पर पहले ईंट से हमला किया, फिर घर से कुल्हाड़ी लाकर कर दिया ताबड़तोड़ वार
कुल्हाड़ी के घातक प्रहार से मन्नू मांझी का बायां हाथ कलाई के पास से बुरी तरह कटा, खून से लथपथ हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती
धरहरा CHC में प्राथमिक उपचार के बाद मुंगेर सदर अस्पताल रेफर; थानाध्यक्ष ने कहा—लिखित शिकायत मिलते ही होगी प्राथमिकी
छोटे बेटे ने बीच-बचाव कर बचाया, फिर पुराने घर में घेरकर किया वार
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मन्नू मांझी जब अल्बेस्टर वापस मांग रहे थे, तभी उनका बड़ा पुत्र तूफानी मांझी भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि तूफानी ने अल्बेस्टर लौटाने से साफ इनकार कर दिया और पिता से गाली-गलौज करने लगा।
-1791208390596.webp)
बात बढ़ने पर उसने पिता को थप्पड़ मार दिया। उस वक्त मौके पर मौजूद मन्नू मांझी के छोटे पुत्र खाजो कुमार ने तुरंत बीच-बचाव किया और पिता को बचाकर दूसरे घर पहुंचा दिया।
लेकिन कुछ देर बाद जब मन्नू अपने पुराने घर लौटे, तो वहां पहले से घात लगाकर बैठे तूफानी ने उन पर ईंट से हमला बोल दिया और फिर कुल्हाड़ी से हाथ पर वार कर दिया, जिससे हाथ का हिस्सा बुरी तरह कट गया।
सदर अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस बोली—आवेदन मिलते ही होगी कानूनी कार्रवाई
घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों के सहयोग से घायल मन्नू मांझी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। उधर, इस खूनी वारदात के संबंध में लड़ैयाटांड़ थानाध्यक्ष विभांशु शेखर भास्करम ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, हालांकि फिलहाल थाने को लिखित या मौखिक रूप से औपचारिक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है और पीड़ित पक्ष से आवेदन मिलते ही त्वरित जांच कर आरोपी बेटे के खिलाफ सुसंगत धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
