मुंगेर में ट्रांसजेंडर सिपाही अवंतिका की मौत की जांच जारी, 5 महिला सिपाहियों की भी बिगड़ी तबीयत
बीसैप-9 में ट्रांसजेंडर सिपाही अवंतिका सिंधु की मौत की जांच पुलिस ने शुरू कर दी है, जिसमें आत्महत्या या अन्य कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट से होगा।
-1787660198397_m.webp)
मृतका सिपाही अवंतिका सिंधु। (जागरण)
HighLights
ट्रांसजेंडर सिपाही अवंतिका सिंधु की मौत की जांच जारी।
पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज।
बीसैप-9 में पांच महिला सिपाहियों की तबीयत बिगड़ी।
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। बीसैप-9 में प्रशिक्षण ले रही ट्रांसजेंडर सिपाही अवंतिका सिंधु की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह, इसका खुलासा पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद होगा।
मामले में जमालपुर थाना में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्य, बरामद मोबाइल के काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) और एफएसएल टीम की जांच रिपोर्ट को पुलिस जांच का आधार बनाया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस के अनुसार, अब तक घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की बात सामने आ रही है।
हालांकि, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। इधर, बीसैप-9 के समादेष्टा मिथिलेश प्रसाद ने भी सिपाही की मौत को आत्महत्या बताया है।
पुलिस मोबाइल की गतिविधियों और घटना से पहले की परिस्थितियों को भी खंगाल रही है। दोनों रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की अंतिम तस्वीर साफ होगी।
पांच महिला सिपाहियों की तबीयत बिगड़ी
बीसैप-9 में प्रशिक्षण ले रही पांच महिला सिपाहियों की तबीयत बिगड़ने का सिलसिला सामने आया है। मंगलवार को प्रशिक्षण ले रही पांच महिला सिपाहियों को सर्दी, खांसी, बुखार और बेचैनी की शिकायत पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ईस्ट कॉलोनी लाया गया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी का प्राथमिक उपचार किया और आवश्यक दवाएं दीं। अस्पताल पहुंचने वाली सिपाहियों में रीमा कुमारी, सुमन कुमारी, प्रियंका कुमारी, सुधा कुमारी और नेहा कुमारी शामिल थीं।
प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार पासवान ने बताया कि जांच के बाद सभी की स्थिति सामान्य पाई गई। उपचार के बाद सभी को बीसैप-9 वापस भेज दिया गया।
बताया जाता है कि बीसैप-9 में प्रशिक्षण ले रही ट्रांसजेंडर सिपाही अवंतिका सिंधु की पिछले दिनों मौत की घटना के बाद प्रशिक्षण ले रहे जवानों के बीच भी चिंता का माहौल है।
यह भी पढ़ें- मुंगेर: BSAP-9 में महिला ट्रांसजेंडर सिपाही अवंतिका की मौत; IG ने की जांच, क्या है इस 3 मिनट के वीडियो में?
