विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर: BSAP-9 में महिला ट्रांसजेंडर सिपाही अवंतिका की मौत; IG ने की जांच, क्‍या है इस 3 मिनट के वीडियो में?

Published: Mon, 24 Aug 2026 09:31 PM (IST)

बिहार के जमालपुर स्थित बीसैप-9 में महिला ट्रांसजेंडर सिपाही अवंतिका सिंधु की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. महिला ट्रांसजेंडर सिपाही अवंतिका सिंधु की संदिग्ध मौत।

  2. आईजी एस. प्रेमलता ने जमालपुर पहुंचकर की गहन जांच।

  3. मौत से पहले बनाया गया 3 मिनट का वीडियो अहम सुराग।

संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9 (बीसैप-9) जमालपुर में बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला ट्रांसजेंडर सिपाही अवंतिका सिंधु की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस महकमे में जांच की गति तेज हो गई है। रविवार शाम हुई इस घटना की गंभीरता को देखते हुए बीसैप की पुलिस महानिरीक्षक (IG) एस. प्रेमलता सोमवार को खुद जमालपुर पहुंचीं और पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल की।

आईजी ने सबसे पहले उस घटनास्थल और बैरक का निरीक्षण किया, जहां अवंतिका की मौत हुई थी। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद साथी प्रशिक्षु सिपाहियों और प्रशिक्षकों से अलग-अलग पूछताछ कर अवंतिका के व्यवहार और गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही बीसैप-9 के समादेष्टा मिथिलेश प्रसाद से भी घटना से जुड़े तमाम पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

Transgender Constable Avantika Sindhu Dies at BSAP 9 Munger (1)

3 मिनट का वीडियो बना जांच की सबसे अहम कड़ी

इस पूरे मामले में मौत से ठीक पहले अवंतिका द्वारा बनाया गया करीब तीन मिनट का वीडियो जांच का सबसे अहम केंद्र बन गया है। सूत्रों के अनुसार, इस वीडियो में अवंतिका ने समाज में झेली गई प्रताड़ना और उपेक्षा के गहरे दर्द का जिक्र किया है। इसके साथ ही उसने अपनी मौत के उपरांत परिवार के भरण-पोषण के लिए स्वजन को नौकरी दिए जाने की गुहार लगाई है।

जमालपुर पुलिस अब इस बात की तकनीकी जांच कर रही है कि यह वीडियो कब और किन परिस्थितियों में रिकॉर्ड किया गया था। पुलिस ने अवंतिका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि अंतिम समय में उसकी किन-किन लोगों से बात हुई थी।

Transgender Constable Avantika Sindhu Dies at BSAP 9 Munger (2)

पिता बोले- मजदूरी कर पढ़ाया, तबीयत खराब होने पर बैरक में थी

पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र निवासी पिता उमाशंकर पासवान ने बताया कि उन्होंने बेहद तंगहाली और मजदूरी कर अवंतिका को पढ़ाया-लिखाया और पुलिस सेवा में भेजा था। उन्होंने बताया कि रविवार को अवंतिका ने अपनी मां को फोन कर कहा था कि छुट्टी के दिन भी ट्रेनिंग चल रही है, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण वह बैरक में ही आराम कर रही है। इसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत की दुखद सूचना मिली।

परिसर में दी गई सलामी, 13 ट्रांसजेंडर सिपाही ले रही हैं ट्रेनिंग

पोस्टमार्टम के बाद अवंतिका का पार्थिव शरीर बीसैप-9 परिसर लाया गया, जहां परिजनों के अंतिम दर्शन के बाद समादेष्टा, पुलिस अधिकारियों और बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

उल्लेखनीय है कि 17 अगस्त से बीएनपी-9 में 502 जवानों का 216 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शुरू हुआ था। इसमें कुल 17 ट्रांसजेंडर सिपाही (3 पुरुष, 14 महिला) शामिल थे। एक महिला ट्रांसजेंडर के जाने के बाद वर्तमान में 13 महिला ट्रांसजेंडर सिपाही यहां प्रशिक्षण ले रही हैं।

"मामले में यूडी केस दर्ज कर वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अवंतिका का मोबाइल जब्त कर सीडीआर की जांच की जा रही है। वीडियो और कॉल डिटेल के आधार पर हर बिंदु की पड़ताल जारी है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।"

-

पंकज कुमार पासवान, थानाध्यक्ष, जमालपुर थाना