'मैं सुधरना चाहता हूं...', मुंगेर में किशोर ने कट्टा सौंपकर पुलिस के सामने किया सरेंडर
मुंगेर के शामपुर थाना में एक 16 वर्षीय किशोर देसी कट्टा लेकर पहुंचा और थानाध्यक्ष को सौंपकर अपराध से सुधरने की इच्छा जताई।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
HighLights
किशोर ने देसी कट्टा लेकर थाने में किया आत्मसमर्पण।
अपराध की राह छोड़कर सुधारने की जताई इच्छा।
पुलिस ने किशोर को बाल सुधार गृह भेजा।
संवाद सहयोगी, हवेली खड़गपुर (मुंगेर)। उम्र अभी छोटी है, लेकिन कदम अपराध की ओर बढ़ चुके थे। हाथ में कट्टा था और सामने पुलिस का थाना।
शनिवार की शाम शामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का किशोर इसी हालत में थाना पहुंचा। पुलिसकर्मी भी उसे देखकर कुछ पल के लिए हैरान रह गए।
शामपुर थाना क्षेत्र स्थित एक गांव का किशोर उम्र (लगभग 16) बिना किसी दबाव के हाथ में थाम रखा देसी कट्टा थानाध्यक्ष को सौंप दिया और कहा- सर, मैं सुधरना चाहता हूं।
उसकी यह बात केवल एक किशोर की स्वीकारोक्ति नहीं थी, बल्कि अपराध की राह से लौटकर नई जिंदगी शुरू करने की उसकी इच्छा भी सामने आ गई।
किशोर ने पुलिस को बताया कि वह गलत रास्ते पर बढ़ रहा था। अब वह अपराध से दूर होकर अपने जीवन को सुधारना चाहता है।
थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के लिए यह घटना सामान्य नहीं थी। आमतौर पर पुलिस अपराधियों की तलाश में जाती है, लेकिन यहां एक किशोर खुद हथियार लेकर पुलिस के दरवाजे पर पहुंचा था। उसने अपने हाथों से कट्टा सौंपकर आत्मसमर्पण किया। किशोर का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।
भेजा गया बाल सुधार गृह
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किशोर को किशोर न्याय व्यवस्था के तहत मुंगेर स्थित बाल सुधार गृह केंद्र भेज दिया। अब उसके सामने अपराध की राह से लौटकर सामान्य जीवन शुरू करने का अवसर है।
शामपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि किशोर कट्टा लेकर थाना पहुंचा था। उसने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करते हुए खुद को सुधारने की इच्छा जताई। पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया है।
यह भी पढ़ें- 80 रुपये के उधारी ने ली जान: जमुई में दुकान का बकाया मांगने पर मारपीट, महिला की मौत
