विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर में थाने से चंद कदम की दूरी पर नाबालिग की गोली मारकर हत्या, बहन से छेड़खानी का विरोध पड़ा भारी

Published: Sat, 19 Sep 2026 04:01 PM (IST)

जमालपुर में सफियासराय थाना से चंद कदम दूर 15 वर्षीय इशांत कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह ...और पढ़ें

नाबालिग की गोली मारकर हत्या

नाबालिग की गोली मारकर हत्या

HighLights

  1. 15 वर्षीय इशांत कुमार की गोली मारकर हत्या।

  2. बहन से छेड़खानी के पुराने विवाद में वारदात।

  3. थाने से चंद कदम दूर हुई दिनदहाड़े हत्या।

संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। सफियासराय थाना से चंद कदम की दूरी पर शनिवार दोपहर सरेआम एक किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। समझौते के नाम पर बुलाए गए नौलखा निवासी ई-रिक्शा चालक चंदन यादव के पुत्र इशांत कुमार (15) की कनपटी में गोली मार दी गई। वारदात बिजली कार्यालय के समीप हुई। 

गोली लगते ही इशांत खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। पहले उसे निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, इसके बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान छात्र की मृत्यु हो गई। दिनदहाड़े हुई हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। 

दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा

घटना की सूचना पर एसपी सैयद इमरान मसूद अस्पताल पहुंचे और परिवार वालों को ढांढस बंधाया। पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि इशांत पढ़ने के लिए शनिवार सुबह टाउन उच्च विद्यालय गया था। 

WhatsApp Image 2026-09-19 at 3.46.19 PM

स्कूल से लौटने के बाद उसके दोस्त ऋतुराज ने बताया कि निरंजन कुमार और आयुष कुमार ने फोन कर इशांत को बिजली कार्यालय के समीप बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद निरंजन ने इशांत की कनपटी में गोली मार दी। गोली चलने के बाद आरोपित वहां से निकल गया। घटना स्थल पर एफएसएल की टीम पहुंच और साक्ष्य एकत्र किया। 

दो माह पुराने विवाद में हत्या का आरोप

पिता चंदन कुमार ने बताया कि लगभग दो माह पहले उनका बेटा और बेटी हसरगंज स्थित लाल का चौक के समीप ट्यूशन पढ़ने जाते थे। रास्ते में निरंजन और आयुष उनकी बेटी के साथ छेड़खानी करता था। विरोध के बाद स्वजन ने बच्चों का ट्यूशन जाना बंद करा दिया था। 

स्वजन का आरोप है कि शनिवार को इसी पुराने विवाद को लेकर समझौता कराने के नाम पर इशांत को बुलाया गया था। बातचीत और समझौते के बजाय उसे गोली मार दी गई। पुलिस इस आरोप समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल 

मुख्यालय डीएसपी अर्जुन कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आरोपितों की भूमिका, गोली चलाने के कारण और पुराने विवाद के सभी पहलुओं को खंगाल रही है। 

सफियासराय थाना से बेहद कम दूरी पर दोपहर में किशोर की हत्या ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और हथियार कहां से आया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़ें- मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में फूड पॉइजनिंग से हड़कंप, 11 और छात्र पहुंचे अस्पताल; प्रसाद के सैंपल की होगी जांच