सौतेले पिता ने तीन वर्षीय पुत्री की गला दबा कर दी हत्या, कारण जान हो जायेंगे हैरान
बिछावन पर शौच करने से नाराज सौतेले पिता ने तीन वर्षीय मासूम की गला दबा कर हत्या कर दी। मृतका की मां को भी मारपीट कर जख्मी कर दिया।
मुंगेर [जेएनएन]। बिहार के मुंगेर जिले में एक पिता की हैवानियत सामने आयी है। तीन वर्षीय मासूम द्वारा बिछावन पर शौच कर देने से नाराज पिता ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। यही नहीं, बीच-बचाव करने अायी मृतका की मां नीतू देवी को भी पीटकर जख्मी कर दिया। घटना धरहरा प्रखंड के कुदरताबाद गांव की है। आरोपी का नाम महेश साव है।
घटना की सूचना मिलने के बाद एएसपी हरिशंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, आरोपित की गिरफ्तारी के छापामारी की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक कुदरताबाद निवासी महेश साव ने चार महीने पूर्व असरगंज थाना क्षेत्र के मकवा गांव निवासी निरो साव की पुत्री और दो बच्चों की मां नीतू कुमारी से कोर्ट मैरिज किया था। शराब का सेवन करने वाला महेश साव अक्सर नीतू देवी के साथ मारपीट करता था। शुक्रवार की शाम भी महेश साव ने शराब पीकर नीतू की पिटाई शुरू कर दी। पिटाई के डर से नीतू भाग कर पड़ोस में कहीं जा कर छिप गई।
इसी दौरान तीन वर्षीय बच्ची द्वारा बिछावन पर शौच करने से गुस्साए महेश साव ने सौतेली पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका की मां व पड़ोस के लोग घर पहुंचे। मृतका की मां नीतू देवी ने इस घटना को लेकर अपने पति महेश साव एवं फूफा लुक्खर साव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। धरहरा थानाध्यक्ष देव गुरु ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि बच्ची की हत्या हुई है। आरोपित पिता की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी की जा रही है। जल्द ही महेश साव को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।